जिलाधिकारी के निर्देश पर कंबल वितरण अभियान जारी

  • Post By Admin on Dec 31 2024
जिलाधिकारी के निर्देश पर कंबल वितरण अभियान जारी

मुजफ्फरपुर : शीत लहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के निर्देश पर सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा गरीब और जरूरतमंद व्यक्तियों के बीच कंबल का वितरण किया गया। यह अभियान गांधी ग्राम मोतीपुर और अन्य निकटवर्ती स्थानों पर आयोजित किया गया। जहां सैकड़ों जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। इस अभियान का उद्देश्य शीत लहर के प्रकोप से बचाव के लिए उन व्यक्तियों तक राहत पहुँचाना था जो ठंड के मौसम में बाहर रहकर जीवन यापन कर रहे हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी के स्तर पर भी कंबल वितरण का कार्य लगातार जारी है। इस कंबल वितरण अभियान में स्थानीय प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के राहत कार्य तब तक जारी रहेंगे जब तक शीत लहर का प्रभाव कम नहीं हो जाता, ताकि गरीब और असहाय लोग ठंड से सुरक्षित रह सकें। अधिकारी जिले के विभिन्न हिस्सों में कंबल वितरण के कार्य को गति देने के लिए लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंदों को कंबल मिल सके।