भोजपुरी के शेक्सपियर भिखारी ठाकुर जयंती पर संवाद सह सम्मान कार्यक्रम आयोजित

  • Post By Admin on Dec 18 2023
भोजपुरी के शेक्सपियर भिखारी ठाकुर जयंती पर संवाद सह सम्मान कार्यक्रम आयोजित

मुजफ्फरपुर : सोमवार को सरला श्रीवास युवा मंडल की अध्यक्ष सुमन कुमारी की अध्यक्षता में सरला श्रीवास युवा मंडल द्वारा लोकभाषा, संस्कृति एवं साहित्य के संवाहक भोजपुरी भाषा के विद्यापति, संस्कृति के राजदूत लोकरत्न भिखारी ठाकुर की जयंती पर पुरखा पुरनिया संवाद सह सम्मान कार्यक्रम आयोजित गया। 

अध्यक्षीय संबोधन में सुमन कुमारी ने बताया कि लोकरत्न भिखारी ठाकुर नाटक के माध्यम से दलित उत्पीड़न, नारी उत्पीड़न, समाजिकता, पारिवारिक एकता, नशामुक्ति, अध्यात्म, कविता भजन से लेकर बिहार के मुख्य नाट्यशैली "बिदेसिया" के प्रवर्तक अभिनेता, भोजपुरी साहित्य के गीतकार, गायक के रुप में प्रसिद्ध हुए। सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान के संयोजक लोक कलाकार सुनील कुमार ने "ए ही माटी के भिखारी ठाकुर, लोक रत्न के मिलल सेहरा" गीत के माध्यम से लोक रत्न भिखारी ठाकुर के जयंती पर श्रद्धा सुमन अर्पित की और बताया कि भोजपुरी के महायोद्धा भोजपुरी भाषा और भिखारी ठाकुर एक दूसरे के पुरक हैं।

इस दौरान रंगकर्मी सह अखिल भारतीय कायस्थ कल्याणकारी सभा के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार को भिखारी ठाकुर सम्मान "पुरखा-पुरनिया" के स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। चंदन कुमार ने बताया कि भिखारी ठाकुर में नारी जाति की पीड़ा को अनुभव करने का विशाल हृदय था। उन्होंने मांग उठाते हुए कहा कि नाटककार, नर्तक व निर्माता-निर्देशक के भूमिका से भोजपुरी जगत के मशहूर महानायक लोक रत्न भिखारी ठाकुर के नाम से मुजफ्फरपुर में "कला महाविद्यालय" एवं आदमकद प्रतिमा स्थापित हो।

इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक "हिंसा से आज़ादी" नाटक का मंचन अमन चिल्ड्रेन स्कूल के छात्राओं के द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस दौरान मुख्य रूप से सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान की संरक्षक कांता देवी, सरला श्रीवास युवा मंडल की सचिव अदिति ठाकुर, आदित्य राज ठाकुर, लोक कलाकार सुनील कुमार, अनिल कुमार ठाकुर, बबिता ठाकुर, शिवम कुमार व राजू मौजूद रहें। धन्यवाद ज्ञापन सरला श्रीवास युवा मंडल के कोषाध्यक्ष आदित्य राज ठाकुर ने दिया।