लाली पहाड़ी में सौंदर्यीकरण कार्य तेज, डीएम ने लिया कार्यों का जायजा
- Post By Admin on Nov 22 2025
लखीसराय : जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने शनिवार को लाली पहाड़ी में जारी निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने लाली पहाड़ी को जिले का महत्वपूर्ण पर्यटन एवं धरोहर स्थल बताते हुए कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि पहाड़ी परिसर में प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा सभी निर्माण कार्यों में गति लाकर उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने आगामी लाली पहाड़ी महोत्सव का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आगंतुकों को आकर्षक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण प्रदान किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि लाली पहाड़ी एक संरक्षित विरासत स्थल है, इसलिए इसके संरक्षण और रख-रखाव के लिए मासिक निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि धरोहर के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए समस्त निर्माण कार्य मानकों एवं संरक्षण नियमों के अनुरूप किए जाएँ।
निरीक्षण के दौरान हेरिटेज कंसल्टेंट ने विकास योजना की विस्तृत प्रस्तुति दी। इसमें प्रस्तावित संरचनाएँ, निर्माण के विभिन्न चरण, पर्यावरण के अनुकूल तकनीक और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे संरक्षणात्मक उपायों की जानकारी दी गई।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा प्रत्येक प्रगति बिंदु की नियमित वास्तविक रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि कार्य तय समय पर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण हो सके।
निरीक्षण के दौरान वरीय उप समाहर्ता सह प्रभारी पदाधिकारी (पर्यटन) श्री शशि कुमार, नजारत उप समाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल श्री कुणाल कुमार, नगर परिषद एवं PHED के पदाधिकारी तथा प्रोफेसर अनिल कुमार उपस्थित रहे।