गया विश्वविद्यालय में छात्रों का शैक्षणिक भ्रमण, ट्विनिंग ऑफ स्कूल से मिला व्यावहारिक ज्ञान

  • Post By Admin on Apr 12 2026
गया विश्वविद्यालय में छात्रों का शैक्षणिक भ्रमण, ट्विनिंग ऑफ स्कूल से मिला व्यावहारिक ज्ञान

औरंगाबाद : उपेंद्र उच्च माध्यमिक विद्यालय मल्हद, गोह के विद्यार्थियों को ज्ञान और अनुभव से जोड़ने के उद्देश्य से ‘ट्विनिंग ऑफ स्कूल’ गतिविधि के अंतर्गत दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, पंचानपुर (गया) का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों में व्यावहारिक ज्ञान, सांस्कृतिक समझ, आत्मविश्वास और संवाद कौशल का विकास करना रहा।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक महेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि ‘ट्विनिंग ऑफ स्कूल’ गतिविधि के तहत दो शैक्षणिक संस्थान आपसी सहयोग से ज्ञान और अनुभव साझा करते हैं, जिससे पारंपरिक रटंत शिक्षा की जगह स्थायी और व्यावहारिक ज्ञान का विकास होता है।

शिक्षक मो. मनीर आलम ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम सामाजिक असमानताओं को समाप्त कर सभी छात्रों को एक समान मंच प्रदान करते हैं। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के कक्षा-कक्ष, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, संग्रहालय, कार्यालय एवं अन्य विभागों का अवलोकन किया और वहां की शैक्षणिक प्रणाली को करीब से समझा।

विशेष रूप से प्रयोगशाला में साजिद इकबाल द्वारा प्रायोगिक विधि से पढ़ाए गए सिद्धांतों ने छात्रों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाई। वहीं, रवि शंकर, संजीत कुमार, रामप्रवेश और तरुण कुमार ने शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी सरल ढंग से दी। पुस्तकालय भ्रमण के दौरान गौरव कुमार ने उसके महत्व पर प्रकाश डाला।

अन्य शिक्षकों—फैज़ यासीन, ललन कुमार, त्रिभुवन, रामाशीष, अनिल, अविनाश पाठक और नारायण कुमार—ने भी अपने-अपने विषयों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देकर छात्रों को प्रेरित किया।

इस भ्रमण के माध्यम से छात्रों को उच्च शिक्षा के वातावरण से परिचित होने के साथ-साथ टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक कौशल का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। विज्ञान शिक्षक वाल्मीकि कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम से दोनों संस्थानों के बीच साझा अधिगम को बढ़ावा मिला।

अंत में शिक्षिका सोनाली कुमारी ने दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, पंचानपुर (गया) के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के लिए प्रस्थान किया।