मकर संक्रांति पर्व पर आर्यसमाज मंदिर में भव्य वैदिक यज्ञ का आयोजन

  • Post By Admin on Jan 14 2026
मकर संक्रांति पर्व पर आर्यसमाज मंदिर में भव्य वैदिक यज्ञ का आयोजन

मुजफ्फरपुर : जिले के घिरनी पोखर स्थित आर्यसमाज मंदिर में मकर संक्रांति पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर प्रो. व्यास नन्दन शास्त्री वैदिक के आचार्यत्व में बृहद् वैदिक यज्ञ का आयोजन किया गया। स्वस्तिवाचन और शान्तिकरण के सस्वर मंत्रपाठ के साथ आयोजित इस यज्ञ में आर्य नर-नारियों ने मकर संक्रांति से संबंधित विशेष मंत्रों के माध्यम से विश्व कल्याणार्थ आहुतियां दीं। इसी अवसर पर मुख्य उपमंत्री सुरजीत कुमार शास्त्री का 40वां जन्मोत्सव भी मनाया गया।

यज्ञोपरांत मकर संक्रांति पर्व पर प्रधान विमल किशोर उप्पल की अध्यक्षता में विचार गोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य वक्ता प्राचार्य प्रो. व्यास नन्दन शास्त्री वैदिक ने कहा कि मकर संक्रांति एक सौर पर्व है जो उत्साह, उमंग और प्रसन्नता का संचार करता है। उत्तरायण सूर्य के प्रभाव से लोगों में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है। उन्होंने बताया कि चूड़ा, दही, गुड़ और तिल से यज्ञ करने से त्रिताप मिटते हैं और इनका सेवन त्रिदोष नाश कर उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करता है।

कार्यक्रम में अमरजीत शास्त्री, संरक्षक वेदप्रकाश आर्य, सत्येन्द्र नारायण शर्मा, कोषाध्यक्ष रमेश कुमार दानापुरी, प्रदीप कुमार आर्य, अरुण कुमार आर्य, कृष्ण चन्द्र प्रसाद, विजय कुमार ओझा, भागवत प्रसाद आर्य, डॉ. अरविन्द मेहता, ओमेन्द्र कुमार सिंह, सुशीला देवी आर्या, नीतू आर्या, अनिला आर्या, डॉ. प्रेम कुमार, अनिल कुमार मेहता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन समर जीत कुमार ने किया और धन्यवाद ज्ञापन मंत्री मनोज कुमार चौधरी ने प्रस्तुत किया। इसके उपरांत सभी उपस्थितजनों के लिए महाप्रसाद का आयोजन भी किया गया।