मुजफ्फरपुर: मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बीते रविवार को सकरा प्रखंड के सबहा किशोरी सदन परिसर में मुजफ्फरपुर पूर्व सैनिक संघ की सकरा शाखा द्वारा भव्य, अनुशासित एवं गरिमामय पूर्व सैनिक मिलन सम्मेलन का आयोजन किया गया। शाखा अध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में पूर्व सैनिकों, उनके परिजनों, समाज के गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राम प्रवेश सिंह तथा विशिष्ट अतिथि सकरा विधायक आदित्य कुमार की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अपने संबोधन में राम प्रवेश सिंह ने पूर्व सैनिकों को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनका अनुभव, अनुशासन और त्याग समाज एवं देश निर्माण के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने संगठन द्वारा सैनिक कल्याण एवं सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। वहीं संघ अध्यक्ष संतोष चौधरी ने संगठन की एकता को उसकी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए इसे बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि संगठन निरंतर सही दिशा में आगे बढ़ सके।

कार्यक्रम के दौरान 1965 एवं 1971 के युद्धों में भाग लेने वाले वीर पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और वातावरण गर्व व सम्मान से ओतप्रोत हो गया। इस सम्मेलन में कार्यकारी अध्यक्ष सह उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, महासचिव नवल किशोर तिवारी, सचिव धीरज रंजन, उपाध्यक्ष रजनीश कुमार, मृत्युंजय कुमार सिंह, आर.पी. सिंह, विपिन कुमार सिंह, सुरेश प्रसाद, नितिन कुमार, राम कुमार मिश्रा, अनिल कुमार, मुकेश कुमार, उमा शंकर सहित संघ के अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।

देशभक्ति से सराबोर माहौल में “जय हिंद” के गगनभेदी नारों से पूरा सभागार गूंज उठा। अंत में शाखा अध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, पूर्व सैनिकों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मेलन संगठन को नई दिशा, नई ऊर्जा और नई प्रेरणा प्रदान करेगा। राष्ट्र सेवा और एकता की भावना के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।