डॉ. रामानंद सिंह के आकस्मिक निधन पर शोक सभा आयोजित

  • Post By Admin on Dec 20 2024
डॉ. रामानंद सिंह के आकस्मिक निधन पर शोक सभा आयोजित

मुजफ्फरपुर : जिले के रामदयालु सिंह महाविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व प्राध्यापक डॉ. रामानंद सिंह के आकस्मिक निधन पर बीते गुरुवार को शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा का आयोजन कॉलेज के प्राचार्य कक्ष में हुआ। जिसमें कॉलेज के सभी सदस्य उपस्थित थे।

प्राचार्य डॉ. अनिता सिंह ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, "डॉ. रामानंद सिंह के निधन से पूरा कॉलेज परिवार शोक में डूबा हुआ है। डॉ. सिंह ने 1964 में रामदयालु सिंह महाविद्यालय के हिंदी विभाग में अपने शिक्षक जीवन की शुरुआत की थी और 30 सितंबर 1992 को सेवानिवृत्त होने तक उन्होंने 28 वर्षों तक कॉलेज में अपनी सेवा दी। उनकी कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षण के प्रति समर्पण की मिसाल हमेशा कॉलेज परिवार में याद रखी जाएगी।"

हिंदी विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. रमेश प्रसाद गुप्ता ने डॉ. सिंह की व्यक्तित्व और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ एक अच्छे शिक्षक ही नहीं थे बल्कि समय और अनुशासन के पालनकर्ता भी थे। उनका जाना शिक्षा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

कॉलेज के शिक्षकों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर डॉ. रामानंद सिंह की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस शोक सभा में सभी ने उनकी शिक्षकीय यात्रा को सम्मानित करते हुए उनकी यादों को संजोने का संकल्प लिया।