मुजफ्फरपुर : जिले के पंकज मार्केट स्थित महिला सत्संग भवन में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा के चौथे दिन बीते गुरुवार को आचार्य राजेश शर्मा ने भगवान के विभिन्न अवतारों की गाथाओं का वर्णन किया। इस दौरान उन्होंने भगवान के वामन अवतार से लेकर श्रीराम और श्री कृष्ण की लीलाओं पर प्रकाश डाला।
कथा की शुरुआत में आचार्य ने कहा, “कोई भी प्राणी इस संसार में कुछ भी लेकर नहीं आता है और न ही कुछ लेकर जाता है।” इसके बाद उन्होंने भगवान के वामन अवतार की कथा सुनाई जो भगवान विष्णु का पहला मानव रूप में प्रकट हुआ अवतार था। आचार्य ने बताया कि वामन अवतार का उद्देश्य दैत्यराज बलि का वध करना था।
इसके बाद आचार्य ने भगवान श्रीराम के अवतार का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि भगवान राम का जन्म नारद मुनि के श्राप के कारण हुआ था और उनका जीवन एक आदर्श प्रस्तुत करता है। आचार्य ने राम और जानकी के विवाह की कथा भी सुनाई और बताया कि किस प्रकार भगवान राम ने राज्य छोड़कर वनवास को स्वीकार किया और रावण से युद्ध किया।
आचार्य ने भगवान श्री कृष्ण के अवतरण की कथा भी विस्तार से सुनाई। उन्होंने बताया कि द्वापर युग में मथुरा के अत्याचारी राजा कंस ने अपनी बहन देवकी और उनके पति वासुदेव को बंदीगृह में डाल दिया। यहीं पर भगवान श्री कृष्ण का जन्म हुआ और वासुदेव ने उन्हें यमुना नदी के पार नन्द बाबा के घर छोड़ दिया।
कथा के प्रारंभ में मुख्य जजमान श्री हरि प्रसाद चाचान, सरोज बंका और रामौतार चाचान ने व्यास पीठ की पूजा अर्चना की। इस अवसर पर उमा चेतन, रानी चेतन, रिंकी अग्रवाल, स्वीटी चाचान, रजनी चाचान, तारा जलान, मंजू जलान, प्रवीण चाचान, निधि चाचान सहित कई भक्तगण उपस्थित रहे। कथा का यह सिलसिला आगामी 31 दिसंबर तक जारी रहेगा। जिसमें आचार्य और भक्त भगवान की लीलाओं का आनंद लेंगे।




















