पूर्व प्राचार्य प्रो. तृप्ति नारायण सिंह के निधन पर एल.एस. कॉलेज में शोक सभा आयोजित
- Post By Admin on Dec 24 2024

मुजफ्फरपुर : जिले के लंगट सिंह कॉलेज में कॉलेज के पूर्व प्राचार्य एवं भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. तृप्ति नारायण सिंह के निधन पर एक शोक सभा आयोजित की गई। जिसमें शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा में वक्ताओं ने प्रो. सिंह के जीवन और कार्यों पर प्रकाश डाला और उनके योगदान को याद किया।
प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय ने शोक संदेश में कहा कि प्रो. तृप्ति नारायण सिंह न केवल एक सक्षम शिक्षक थे बल्कि एक प्रेरणास्रोत भी थे। उनके नेतृत्व में कॉलेज ने कई महत्वपूर्ण मील के पत्थर हासिल किए। प्रो. राय ने कहा कि प्रो. सिंह का कार्यकाल कॉलेज के प्राचार्य के रूप में छोटा रहा लेकिन उन्होंने कॉलेज के प्रशासनिक ढांचे में कई सकारात्मक सुधार किए थे। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. गोपालजी ने अपने श्रद्धांजलि संदेश में कहा कि प्रो. सिंह 1963 से 1999 तक लंगट सिंह कॉलेज से जुड़े रहे। उन्होंने बताया कि प्रो. सिंह ने 1996 से 1998 तक आरडीएस कॉलेज के प्राचार्य के रूप में कार्य किया और 1998 से 1999 तक फिर लंगट सिंह कॉलेज के प्राचार्य रहे। जहां से उन्होंने सेवानिवृत्ति ली।
पूर्व प्राध्यापक प्रो. ओपी रमन, डॉ. दिलीप कुमार यादव और रमेश महतो ने भी प्रो. सिंह से जुड़ी अपनी यादें साझा की और उन्हें एक महान शिक्षक और प्रेरक व्यक्तित्व के रूप में याद किया। सभा के दौरान दिवंगत प्रो. तृप्ति नारायण सिंह की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
शोक सभा में प्रो. एसआर चतुर्वेदी, प्रो. टीके डे, प्रो. फैयाज अहमद, प्रो. शैलेन्द्र सिन्हा, ले.(डॉ) राजीव कुमार, डॉ. ऋतुराज कुमार, डॉ. अर्धेंदु, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार और अन्य शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों ने भी श्रद्धांजलि दी।