टी20 विश्व कप जश्न के बाद विवादों में घिरे पांड्या, कानूनी कार्यवाई की मांग
- Post By Admin on Mar 12 2026
नई दिल्ली : भारत की टी20 विश्व कप जीत के जश्न के बाद टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक नए विवाद में घिर गए हैं। उनके खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने इस मामले में लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की अपील की है। शिकायत शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई है, हालांकि कुछ रिपोर्टों में इसे बेंगलुरु के शिवाजी नगर थाना क्षेत्र से भी जोड़ा गया है।
शिकायत में कहा गया है कि भारत की टी20 विश्व कप जीत के बाद खिलाड़ियों के जश्न के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें हार्दिक पांड्या कंधे पर तिरंगा लपेटकर मैदान में दौड़ते और नाचते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि एक वीडियो में वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मंच पर लेटे हुए दिखाई देते हैं और उस समय भी उनके शरीर पर तिरंगा लिपटा हुआ था।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह का व्यवहार राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ है। उन्होंने अपनी शिकायत में राष्ट्रीय ध्वज संहिता 1971 का हवाला देते हुए कहा कि तिरंगे का सम्मान बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
वकील बिडकर ने बताया कि जब वे शिकायत दर्ज कराने पुलिस स्टेशन पहुंचे तो पुलिस ने कहा कि घटना अहमदाबाद में हुई है, इसलिए वहीं शिकायत करनी चाहिए। हालांकि उन्होंने तर्क दिया कि राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश का प्रतीक है, इसलिए इसकी गरिमा से जुड़े मामले में कहीं भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत स्वीकार कर ली है और मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।