बाउंस ऑफ जॉय कार्यक्रम के तहत बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता, इंदिरा गांधी क्लब ने जीती ट्रॉफी

  • Post By Admin on Mar 11 2026
बाउंस ऑफ जॉय कार्यक्रम के तहत बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता, इंदिरा गांधी क्लब ने जीती ट्रॉफी

मुजफ्फरपुर : आईटीसी और सशक्त फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘बाउंस ऑफ जॉय’ कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को खुदीराम बोस स्टेडियम में बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न क्लबों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में पुलिस लाइन फुटबॉल क्लब, किंग कोबरा फुटबॉल क्लब (अ), किंग कोबरा फुटबॉल क्लब (ब) और इंदिरा गांधी महिला फुटबॉल क्लब की टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में इंदिरा गांधी महिला फुटबॉल क्लब ने किंग कोबरा फुटबॉल क्लब (अ) को शून्य के मुकाबले एक गोल से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। विजेता टीम की खिलाड़ी निक्की कुमारी ने निर्णायक गोल कर अपनी टीम को जीत दिलाई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सशक्त फाउंडेशन के निदेशक प्रभात कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल और स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला तथा सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर बिहार महिला फुटबॉल से जुड़े असगर हुसैन, बिहार रेफरी मोहम्मद अलीमुद्दीन अहमद, इरशाद मल्लिक और रेफरी प्रमुख दीपक कुमार को सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में शिल्पी कुमारी, सुहानी कुमारी, रागिनी कुमारी, मुस्कान कुमारी, शगुन, सविता, सुषमा, निधि, सोनाक्षी, श्रेया आंचल, आकांक्षा, तसर्रुम, जिया कुमारी और संजना कुमारी सहित कई खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रेम कुमार, गुरुशरण झा और इंद्रजीत कुमार भी मौजूद रहे।

मैच की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए रेफरी के रूप में मोहम्मद सईद, मनिराज, दीपक कुमार और विपिन कुमार ने अपनी भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में सशक्त फाउंडेशन के निदेशक प्रभात कुमार ने विजेता टीम को ट्रॉफी और खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया।

इस आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम प्रबंधक शालिनी रंजन, उपप्रबंधक अमित चौधरी, कोच रोहित कुमार, शाहनवाज आलम, विवेक कुमार, अविनाश गुप्ता, अंकित प्रकाश, अंशुमान जसवाल, मनिराज और दीपशिखा की भूमिका सराहनीय रही।