जम्मू : भगवान भोलेनाथ के जयकारों से बुधवार सुबह पूरा जम्मू गूंज उठा, जब अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था भगवती नगर बेस कैंप से रवाना हुआ। यात्रा की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसमें जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी शामिल हुए। उन्होंने पूजा के बाद श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर शुभ यात्रा के लिए रवाना किया।
पहले चरण में करीब 4500 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए निकला है। उपराज्यपाल सिन्हा ने इस मौके पर कहा, “देशभर से भारी संख्या में श्रद्धालुओं का आना यह दर्शाता है कि आतंकवाद के मंसूबे विफल हो चुके हैं। अमरनाथ यात्रा अब एक बार फिर श्रद्धा, विश्वास और साहस का प्रतीक बन चुकी है।”
श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और विश्वास देखने को मिला। पहले जत्थे में शामिल एक महिला श्रद्धालु ने कहा, “बाबा के बुलावे पर हम आ गए हैं। पहला जत्था बनने की खुशी शब्दों में बयां नहीं की जा सकती।” वहीं सुरक्षा को लेकर श्रद्धालुओं ने केंद्र सरकार और सेना पर भरोसा जताते हुए कहा, “जब तक हमारी सेना और प्रधानमंत्री मोदी हैं, तब तक हमें कोई खतरा नहीं। लोग निडर होकर यहां आएं।”
यात्रा के सफल आयोजन को लेकर पुजारियों और धार्मिक संस्थाओं में भी खासा उत्साह है। पुरानी मंडी मंदिर के महंत रामेश्वर दास ने कहा, “लोगों में इस बार खास निडरता और श्रद्धा है। सरकार ने सुविधाओं को बेहतर किया है और यह यात्रा पहले से कहीं अधिक व्यवस्थित और शांतिपूर्ण होने जा रही है।”
जम्मू से रवाना हुआ यह पहला जत्था अमरनाथ यात्रा की आधिकारिक शुरुआत का प्रतीक है, और श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब एक बार फिर इस यात्रा को श्रद्धा, साहस और राष्ट्रीय एकता की मिसाल बना रहा है।


















