देश को बांटना चाहते हैं राहुल गांधी : प्रद्युम्न राणा भट्ट
- Post By Admin on Aug 26 2024

मुजफ्फरपुर : भाजपा बिहार प्रदेश ओबीसी मोर्चा के प्रवक्ता प्रद्युम्न राणा भट्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी राजनीतिक रूप से बुद्धिशून्य हो चुके हैं और पिछले दो दशकों से राजनीति में सक्रिय होने के बावजूद हमेशा अपने उल्टे-सीधे और बचकाने बयानों के लिए ही जाने जाते हैं। राणा भट्ट ने कहा कि भारत की जनता राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेती है और भविष्य में भी नहीं लेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस की नीति हमेशा देश को विखंडित करने की रही है। "जो व्यक्ति मिस इंडिया कॉन्टेस्ट में जाति सूची को देखता हो, उसकी मानसिक सोच को जनता समझ सकती है," राणा भट्ट ने कहा। उन्होंने आगे कहा कि मिस इंडिया या मिस यूनिवर्स बनने वाले लोग किसी जाति विशेष से नहीं होते, बल्कि वे अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर सफल होते हैं।
राणा भट्ट ने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि लगातार हो रही राजनीतिक हार के कारण वह ऐसे बयान देते रहते हैं। उन्होंने राहुल के पिछले बयानों का जिक्र करते हुए कहा, "राहुल गांधी कभी आलू से सोना बनाने, तो कभी नारियल के जूस वाले बयान देकर हमेशा चर्चा में बने रहते हैं।"
उन्होंने चुनौती दी कि राहुल गांधी को पहले कर्नाटक में हुए जातीय जनगणना के आंकड़े सार्वजनिक करने चाहिए, उसके बाद ही इस विषय पर कोई बयान देना चाहिए। राणा भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा देश को पीछे खींचने का काम किया है और जब आज देश नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर तरफ विकास कर रहा है, तो कांग्रेस और उनके नेता इसे पचा नहीं पा रहे हैं।
राणा भट्ट ने कहा, "भारत आज विश्व शक्ति के रूप में स्थापित हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में यूक्रेन में जाकर युद्ध विराम की मध्यस्थता करके विश्व में शांति का संदेश दिया है।" इसके विपरीत, उन्होंने राहुल गांधी पर देश को विभाजित करने और बंटवारा की नीति पर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का कोई भी बयान देश के पक्ष में नहीं होता है और उन्हें बंगाल या बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर बोलने की हिम्मत नहीं होती। राणा भट्ट ने यह भी कहा कि केरल में राहुल गांधी पीएफआई को समर्थन देते हैं, जो उनके असली इरादों को दर्शाता है।