विश्व युवा परिषद ने पौधारोपण कर मनाया कृष्ण जन्माष्टमी
- Post By Admin on Aug 26 2024
.jpg)
सीतामढ़ी : कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विश्व युवा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश यादव ने अपने गृह जिला सीतामढ़ी के बथनाहा प्रखंड स्थित तुरकौलिया ग्राम में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अपनी निजी जमीन पर पौधे लगाकर इस अवसर को और भी महत्वपूर्ण बना दिया। यादव ने कहा कि सभी धर्म के लोगों को अपने धार्मिक अवसरों पर एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए, क्योंकि इससे पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी।
मुकेश यादव ने बताया कि पर्यावरण की रक्षा करना हर व्यक्ति का पहला धर्म होना चाहिए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के पर्यावरण प्रेम का जिक्र करते हुए कहा, "प्रभु श्रीकृष्ण कालिंदी, वैजयंती माला, मयूर पिच्छ, बांसुरी, कदम के पेड़ की छांव और धेनु के बिना नहीं रह सकते थे। गीता में भी श्रीकृष्ण कहते हैं कि वृक्षों में मैं पीपल हूं।" यादव ने कृष्ण भक्तों से अपील की कि इस पवित्र अवसर पर एक पेड़ जरूर लगाएं।
उन्होंने आगे कहा, "प्रभु श्रीकृष्ण ऋतुओं में खुद को वसंत, नदियों में गंगा और वृंदावन को अपना देह बताते हैं, जो उनके प्रकृति प्रेम को दर्शाता है।" विश्व युवा परिषद के कार्यों का उल्लेख करते हुए यादव ने कहा कि यह संगठन पर्यावरण संरक्षण, शिक्षण, सुरक्षा और शोध पर ध्यान केंद्रित करता है। इसके प्रयासों से हजारों युवा समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जो युवा पहले समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण से दूर रहते थे, वे भी अब प्रेरित होकर लोगों की मदद करने और पेड़ लगाने में गर्व महसूस कर रहे हैं। यह परिषद की बड़ी सफलता है। मुकेश यादव ने युवाओं को गीता के उपदेशों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया, खासकर कर्म के महत्व पर जोर देते हुए।
यादव ने कहा कि विश्व राजनीति भी अब पर्यावरण संरक्षण और शिक्षण को प्राथमिकता देने लगी है, जो इस दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।