मुजफ्फरपुर : बुलेट रानी के नाम से मशहूर राजलक्ष्मी मंदा 14 हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा तय कर मंगलवार को बिहार के मुजफ्फरपुर जिला पहुंची हैं। जहां पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भारत भूषण के द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान कई भाजपा नेता मौजूद रहें। बताते चलें कि राजलक्ष्मी मंदा बुलेट से तमिलनाडु से दिल्ली की यात्रा पर निकली हैं। इसी क्रम में राजलक्ष्मी मंदा अपने बुलेट पर तिरंगा लिए मुजफ्फरपुर पहुंची।

राजलक्ष्मी ने बताया कि वह तमिलनाडु से राजधानी दिल्ली तक की 21 हजार किलोमीटर की यात्रा पर निकली हैं और बुलेट से ही यात्रा कर रही हैं। इस दौरान उन्हें लोगों का भरपूर स्नेह मिल रहा है। राजलक्ष्मी मंदा ने बताया कि वह पहली बार मुजफ्फरपुर जिले में आई हैं। बिहार के अन्य जिलों के साथ यहां के लोगों का खूब प्यार और स्नेह मिला। यह मेरे हौसले को कई गुणा बढ़ा देता है। मैं बिहार की धरती पर आकर खुद को बड़ा गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। इस दौरान राजलक्ष्मी ने दावा किया कि एक समृद्ध भारत के लिए नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री की गद्दी संभालने जा रहे हैं। इसको लेकर देश भर में लहर है और हर तरफ 400 के पार की गूंज है।

मंदा ने कहा कि अब बिहार से निकलकर उत्तर प्रदेश और हरियाणा की यात्रा करते हुए 18 अप्रैल को उन्हें राजधानी दिल्ली पहुंचना है। जहां यह यात्रा पूरी हो जाएगी। राजलक्ष्मी बुलेट पर तिरंगा लेकर देश भ्रमण करने वाली देश की पहली महिला बनने जा रही हैं।