टेक्सास : अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। वॉशिंगटन में हालिया फायरिंग के बाद अब टेक्सास राज्य के ऑस्टिन शहर में अंधाधुंध गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पूर्वी ऑस्टिन स्थित लोकप्रिय रेस्टोरेंट *सैम्स बारबेक्यू* के बाहर रविवार रात करीब साढ़े 8 बजे गोलीबारी हुई। उस समय इलाके में काफी भीड़ थी और लोग मौजूद थे। घटना के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गया।
ऑस्टिन पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी है और संदिग्ध की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि यह फिलहाल एक अलग-थलग घटना प्रतीत होती है और आम लोगों के लिए कोई तात्कालिक खतरा नहीं है।
उधर, इससे पहले वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस संवाददाता रात्रिभोज के दौरान भी गोलीबारी की घटना सामने आई थी। उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कार्यक्रम में मौजूद थे। गोली चलने की आवाज सुनते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और राष्ट्रपति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाद में संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसकी पहचान कैलिफोर्निया के टोरेंस निवासी 31 वर्षीय कोल एलन के रूप में हुई है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने अमेरिका में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










