भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का गांव-गांव चलो, घर-घर चलो अभियान आज से

  • Post By Admin on Apr 06 2023
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का गांव-गांव चलो, घर-घर चलो अभियान आज से
  • 9 दिवसीय अभियान में कार्यकर्ता करेंगे परिवारों से संपर्क, गांवों में होगी चौपाल

भोपाल: भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा का जिला मंडल और ग्राम स्तर तक गांव-गांव चलो, घर-घर चलो अभियान आज (गुरुवार) से शुरू हो रहा है। यह अभियान आगामी 14 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम होंगे, जिनमें पार्टी के वरिष्ठ नेतागण और पदाधिकारी शामिल होंगे।

पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाह ने बताया कि आज पार्टी के स्थापना दिवस से मोर्चा गांव-गांव चलो, घर-घर चलो अभियान की शुरुआत करेगा। जिला, मंडल, शक्ति केन्द्र, और ग्राम केन्द्र तक यह अभियान पहुंचेगा। इस अभियान के अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर परिवारों से संपर्क करेंगे और गांव में चौपाल लगाकर केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा पिछड़ा वर्ग समाज के लिए किए गए कार्यों और योजनाओं पर चर्चा करेंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 6 से 14 अप्रैल के बीच मंडल में मेधावी छात्र छात्राओं का सम्मान आयोजित होंगे। 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती मंडल स्तर पर आयोजित होगी। जिला केन्द्रों पर प्रबुद्धजन संगोष्ठी एवं समाज प्रमुखों के सम्मान के कार्यक्रम आयोजित होंगे। 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मंडल स्तर तक मनायी जायेगी। जिसके तहत महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास और सार्वजनिक परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को जिला केन्द्रों पर केन्द्र और राज्य सरकार के बजट पर चर्चा के कार्यक्रम आयोजित होंगे। साथ ही अभियान के अंतर्गत पिछडा वर्ग समाज के उद्यमी और प्रबुद्ध नागरिकों से संपर्क किया जायेगा।