किसानों ने सड़क पर बनाई दाल-बाटी, भोपाल में किसानों का अनोखा प्रदर्शन

  • Post By Admin on Jul 30 2026
किसानों ने सड़क पर बनाई दाल-बाटी, भोपाल में किसानों का अनोखा प्रदर्शन

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मूंग की शत-प्रतिशत सरकारी खरीद (एमएसपी) और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किसानों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में निकली 'किसान क्रांति पैदल यात्रा' को मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया, जिसके बाद किसानों ने सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सड़क किनारे कंडे जलाकर पारंपरिक दाल-बाटी तैयार की। भोजन बनने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी उनके साथ बैठकर दाल-बाटी खाने का खुला निमंत्रण दिया। धरने के दौरान किसानों ने हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ भी किया तथा अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए प्रतीकात्मक तरीके अपनाए जा रहे हैं।

प्रदर्शनकारी किसानों का आरोप है कि सरकार प्रति एकड़ केवल 1 क्विंटल 20 किलोग्राम मूंग की खरीद कर रही है, जबकि औसतन 4 से 5 क्विंटल उत्पादन होता है। इससे शेष उपज उन्हें खुले बाजार में कम कीमत पर बेचनी पड़ रही है। किसानों ने खाद वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और टोकन प्रणाली में सुधार की भी मांग की है। मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस, विशेष सशस्त्र बल (SAF) और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान तैनात किए गए हैं। किसानों ने कहा है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस और लिखित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।