मनोज सिंह टाइगर की ‘दुपहिया 2’ ने रिलीज से पहले बढ़ाई दर्शकों की उत्सुकता

  • Post By Admin on Sep 23 2026
मनोज सिंह टाइगर की ‘दुपहिया 2’ ने रिलीज से पहले बढ़ाई दर्शकों की उत्सुकता

मुंबई : रंगमंच से अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाले अभिनेता मनोज सिंह टाइगर भोजपुरी सिनेमा से लेकर हिंदी फिल्मों और ओटीटी तक अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। इन दिनों वह वेब सीरीज ‘दुपहिया 2’ को लेकर चर्चा में हैं। सीरीज का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें मनोज टाइगर का देसी अंदाज और हास्य शैली एक बार फिर देखने को मिल रही है। ‘दुपहिया’ के पहले सीजन में मनोज टाइगर की अभिनय शैली और कॉमिक टाइमिंग को दर्शकों ने पसंद किया था। दूसरे सीजन में उनकी वापसी ने सीरीज को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। ट्रेलर में उनके संवाद, चेहरे के भाव और बॉडी लैंग्वेज उनके किरदार की खास झलक पेश करते हैं।

ग्रामीण परिवेश, देसी भाषा और हास्य से भरपूर कहानी

‘दुपहिया’ की कहानी ग्रामीण परिवेश और देसी भाषा-शैली के बीच आगे बढ़ती है। हास्य के साथ स्थानीय माहौल को कहानी का हिस्सा बनाया गया है। ऐसे किरदारों में मनोज टाइगर की सहज अदाकारी उन्हें अलग पहचान देती है। ट्रेलर में भी उनकी मौजूदगी कहानी के हास्य पक्ष को मजबूत करती नजर आ रही है। मनोज टाइगर का अभिनय सफर रंगमंच से शुरू हुआ। थिएटर में लंबे समय तक काम करने के बाद उन्होंने भोजपुरी फिल्मों में अपनी पहचान बनाई और इसके बाद हिंदी तथा दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी काम किया। ‘अहिंसा’, ‘दशमी’ और ‘फिर आई हसीन दिलरुबा’ जैसी फिल्मों में वह नजर आ चुके हैं। रंगमंच के अनुभव की झलक उनके अभिनय में आज भी दिखाई देती है। ‘आखिरी पाती’ और ‘मांस का रुदन’ जैसे नाटकों से लेकर फिल्मों और ओटीटी तक का उनका सफर अलग-अलग तरह के किरदारों से जुड़ा रहा है। उनकी अभिनय शैली में संवाद अदायगी के साथ-साथ हावभाव और बॉडी लैंग्वेज को भी खास महत्व मिलता है।

‘दुपहिया 2’ से उम्मीदें बढ़ीं

ओटीटी के बढ़ते प्रभाव के बीच ‘दुपहिया 2’ मनोज टाइगर के करियर का एक और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। आने वाले समय में वह ‘पति पत्नी और वो 2’ सहित अन्य फिल्मों और वेब सीरीज में भी नजर आने वाले हैं। फिलहाल ‘दुपहिया 2’ के ट्रेलर ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। अब सीरीज की रिलीज के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि मनोज टाइगर का देसी अंदाज और कॉमिक टाइमिंग दर्शकों के बीच कैसी प्रतिक्रिया हासिल करती है।