लखीसराय में धावा दल का एक्शन: दो दुकानों में छापेमारी कर दो बाल श्रमिकों को कराया मुक्त
- Post By Admin on Oct 13 2026
लखीसराय : जिले में बाल श्रम के खात्मे और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक विभाग के जिला धावा दल ने मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को सघन जांच व रेस्क्यू अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान शहर के दो अलग-अलग व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से दो बाल श्रमिकों को सकुशल विमुक्त कराया गया।
अभियान के क्रम में धावा दल ने शहर के विद्यापीठ चौक स्थित फूड प्वाइंट (श्री कृष्णा स्टोर) पर छापेमारी कर करीब 13 वर्षीय एक किशोर को काम करते हुए पाया और उसे तत्काल मुक्त कराया। वहीं दूसरी कार्रवाई बाईपास मोड़ स्थित पुलिस अधीक्षक आवास के सामने संचालित विक्की ऑटो पार्ट्स में की गई, जहां से करीब 11 वर्ष की आयु के एक अन्य बच्चे को बाल श्रम से मुक्ति दिलाई गई। दोनों प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
श्रम अधीक्षक, लखीसराय के कुशल नेतृत्व में संचालित इस अभियान में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी लखीसराय, सदस्य अरुण कुमार, आशीष कुमार, रामजीवन कुमार, अभिषेक कुमार, पीसी राधेश्याम साह तथा एनजीओ कवच परियोजना के सेंटर डायरेक्टर चंद्रशेखर सिंह मुख्य रूप से शामिल रहे। विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाल मजदूरी बच्चों की पढ़ाई, सेहत और उनके सर्वांगीण विकास के मार्ग में गंभीर बाधा है। जिला प्रशासन ने सख्त संदेश देते हुए सभी दुकानदारों, व्यवसायियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी सूरत में बच्चों से काम न करवाएं, बल्कि उनकी शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के निर्माण में सहभागी बनें। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।