रोजगार मेला : उपमुख्यमंत्री ने नौजवानों को रोजगार के अवसर का दिलाया भरोसा

  • Post By Admin on Mar 10 2024
रोजगार मेला :  उपमुख्यमंत्री ने नौजवानों को रोजगार के अवसर का दिलाया भरोसा

लखीसराय : रविवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री सह क्षेत्रीय विधायक विजय कुमार सिन्हा एक दिवसीय दौरे पर लखीसराय पहुंचे। सर्वप्रथम उन्होंने बड़हिया प्रखंड स्थित मां बाला त्रिपुर संन्दरी मंदिर में पूजा अर्चना की जिसके बाद बड़हिया प्रखंड स्थित खुटहा गांव पहुंचे जहां लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्या सुनी। तत्पश्चात सुप्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की।

क्षेत्र भ्रमण के बाद केआरके मैदान में श्रम विभाग के द्वारा आयोजित रोजगार सह मार्गदर्शन मेला में शामिल होते हुए रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का दीप प्रज्जवलित कर उद्घाटन किया। मौके पर स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को विकसित देश बनाना चाहते है। जिसके लिए बिहार को विकसित बनाना होगा। बिहार में डबल इंजन की सरकार है जो बिहार को विकसित करने का कार्य कर रही है। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार के अंदर मौसम भी बदला है और सरकार भी बदली है, साथ ही व्यवस्था भी बदली है। ये डबल इंजन की सरकार नौजवानों को रोजगार का अवसर भी देगा। साथ ही स्वरोजगार की ओर प्रेरित भी करेगा और सब का साथ और सब का विकास का वातावरण भी बनाएगा।

पत्रकारों द्वारा जब चिराग पासवान को लेकर एनडीए में चल रही उठा पटक के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि चिराग पासवान एनडीए का ही हिस्सा है और वह एनडीए के साथ मिलकर देश में तीसरी बार एनडीए की सरकार बनाएंगे। उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राजद प्रमुख लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ममता बनर्जी और श्रीमान लालू यादव अपनी नियत और नीति को मौसम की तरह बदलते हैं। यह लोग सनातन के पर्व त्यौहार और भगवानों का क्या सम्मान करते हैं इस देश के लोग जानते हैं। इनकी कथनी और करनी में समानता नहीं है यह मौसम की तरह बदलते रहते हैं।