मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय के स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग में "विश्व शांति दिवस" के उपलक्ष्य में एक विभागीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. रजनीकांत पांडे ने कहा कि शांति स्थापित करने के लिए वैश्विक एकजुटता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित यह दिवस एक कलह-मुक्त विश्व के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह समुदायों और राष्ट्रों के बीच एकता का संदेश देता है और सतत विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल देता है।
डॉ. देवेंद्र प्रताप तिवारी ने भारतीय संस्कृति के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शांति की स्थापना के लिए आंतरिक शांति और पारस्परिक सम्मान का विकास आवश्यक है। डॉ. मीनू ने भारतीय ज्ञान परंपरा का उल्लेख करते हुए स्वतंत्रता, समानता, और बंधुत्व के सिद्धांतों पर जोर दिया।
डॉ. इला ने कहा कि विश्व शांति दिवस का उद्देश्य अहिंसा और संघर्ष-विराम का पालन करते हुए शांति के आदर्शों को सशक्त करना है। संगोष्ठी के दौरान छात्रों ने भी अपने विचार व्यक्त किए, जिनमें स्वाति, अनुष्का और राहुल प्रमुख रहे।




















