बिहार सरकार ने बदला सरकारी स्कूलों का टाइम टेबल, 1 दिसंबर से नए शेड्यूल के तहत होंगी क्लासेस

  • Post By Admin on Nov 22 2024
बिहार सरकार ने बदला सरकारी स्कूलों का टाइम टेबल, 1 दिसंबर से नए शेड्यूल के तहत होंगी क्लासेस

पटना : ठंड के मौसम को देखते हुए बिहार सरकार ने राज्य के सरकारी स्कूलों का टाइम टेबल बदल दिया है। आगामी 1 दिसंबर से सभी सरकारी स्कूलों में सुबह 9:30 बजे से कक्षाएं शुरू होंगी। इस नए शेड्यूल के अनुसार स्कूलों का संचालन ठंड के मौसम में छात्रों के स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।

नए शेड्यूल के मुताबिक, स्कूलों की टाइमिंग:
शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 1 दिसंबर से बिहार के सभी प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक/उच्च माध्यमिक, संस्कृत विद्यालय, मदरसा जैसे सरकारी स्कूल शामिल हैं। इनका संचालन सुबह 9:30 बजे से होगा। 

इस शेड्यूल के तहत 9:30 बजे से 10:00 बजे तक प्रार्थना होगी, 10:00 से 10:40 बजे तक पहली क्लास, 10:40 से 11:20 बजे तक दूसरी क्लास, 11:20 से 12:00 बजे तक तीसरी क्लास, इसके बाद 12:00 से 12:40 बजे तक लंच और एमडीएम (मिड-डे मील) का समय होगा, 12:40 से 01:20 बजे तक चौथी क्लास, 01:20 से 02:00 बजे तक पांचवी क्लास, 02:00 से 02:40 बजे तक छठी क्लास, 03:20 से 04:00 बजे तक आठवीं क्लास होगी और स्कूलों की छुट्टी शाम 4:00 बजे होगी।

खेलकूद, संगीत और कला के लिए निर्धारित समय:
शिक्षा विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि प्रत्येक स्कूल में एक घंटा खेलकूद, संगीत, नृत्य या पेंटिंग के लिए निर्धारित किया जाए। जो विभिन्न कक्षाओं के लिए अलग-अलग समयांतराल में आयोजित होगा।

शनिवार को भी स्कूल होगा खुला:
साथ ही विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि शनिवार को भी स्कूलों का संचालन पूरे दिन होगा। जिसमें मध्यांतर से पहले कक्षाएं बैगलेस होंगी और मध्यांतर के बाद सृजनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। यह नया टाइम टेबल आगामी 1 दिसंबर से प्रभावी होगा और सभी जिलों को इस बारे में निर्देश जारी किए गए हैं।