नीता अंबानी की संवेदनशील पहल, दृष्टिबाधितों के लिए अब हर सप्ताह आएगा ब्रेल अखबार

  • Post By Admin on Oct 13 2026
नीता अंबानी की संवेदनशील पहल, दृष्टिबाधितों के लिए अब हर सप्ताह आएगा ब्रेल अखबार

मुंबई : दृष्टिबाधित पाठकों तक देश-दुनिया की खबरें और समसामयिक जानकारियां अधिक नियमित रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से रिलायंस फाउंडेशन ने एक बड़ा कदम उठाया है। फाउंडेशन के ‘दृष्टि’ कार्यक्रम के तहत प्रकाशित होने वाले हिंदी और मराठी के ब्रेल अखबार अब पाक्षिक (15 दिन) के स्थान पर साप्ताहिक रूप से प्रकाशित किए जाएंगे। नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड (एनएबी) इंडिया के सहयोग से निकलने वाले इन अखबारों से वर्तमान में 30 हजार से अधिक दृष्टिबाधित पाठक जुड़े हुए हैं।

रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन नीता एम. अंबानी ने दृष्टिबाधितों के सशक्तिकरण और उन्हें सूचना की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए यह पहल की है। इससे पूर्व जनवरी 2026 में एनएबी इंडिया के 75वें स्थापना दिवस पर उन्होंने फाउंडेशन की ओर से पांच करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की थी, जिसके तहत अब अखबारों के प्रकाशन को साप्ताहिक स्वरूप दिया गया है। इस कदम से पाठकों को हर सप्ताह ताजा राजनीतिक, सामाजिक और वैश्विक घटनाओं की अद्यतन जानकारी ब्रेल लिपि में सुलभ हो सकेगी।

वर्ष 2003 में शुरू किए गए रिलायंस फाउंडेशन दृष्टि कार्यक्रम का मुख्य ध्येय जरूरतमंदों को नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराना और दृष्टिबाधित व्यक्तियों के जीवन को सुगम बनाना है। इस अभियान के तहत मुफ्त नेत्र परीक्षण, कॉर्निया प्रत्यारोपण और निःशुल्क चश्मे वितरित किए जाते हैं। एनएबी इंडिया, शंकरा आई फाउंडेशन और अरविंद आई केयर सिस्टम के साथ मिलकर चलाए जा रहे इस अभियान के जरिए अब तक दो लाख से अधिक लोगों को मदद पहुंचाई जा चुकी है, जबकि 22,500 से अधिक लोगों की आंखों की रोशनी लौटाने में सफलता मिली है। ब्रेल अखबारों का यह साप्ताहिक विस्तार दृष्टिबाधित समाज में जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में एक अहम कड़ी साबित होगा।