ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत कार्रवाई, चोरी के मोबाइल के साथ एक गिरफ्तार

  • Post By Admin on Oct 12 2026
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत कार्रवाई, चोरी के मोबाइल के साथ एक गिरफ्तार

लखीसराय : किऊल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक व्यक्ति को चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से ओप्पो कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है। यह कार्रवाई 12 अक्टूबर 2026 को ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत की गई।

पूर्व मध्य रेलवे के हाजीपुर मुख्यालय के अंतर्गत दानापुर मंडल और किऊल आरपीएफ पोस्ट से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह उपनिरीक्षक ललन कुमार सिंह अपने सहयोगी जवानों के साथ किऊल स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे थे। गश्त का उद्देश्य यात्रियों के सामान की चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाना था। इसी दौरान सुबह करीब 8 बजकर 10 मिनट पर प्लेटफॉर्म पर एक व्यक्ति तेजी से भागता हुआ दिखाई दिया। आरपीएफ कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान 36 वर्षीय शंकर मंडल के रूप में हुई है। वह जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के गिधको स्थित नयावली गंज का निवासी बताया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरपीएफ के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि मोबाइल रात के समय एक ट्रेन से चोरी किया था।

आरपीएफ ने बताया कि गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी देने के बाद सुबह करीब 8 बजकर 20 मिनट पर व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उपनिरीक्षक ललन कुमार सिंह की लिखित शिकायत के आधार पर किऊल रेल थाना (जीआरपी) में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल फोन, सामान और अन्य कीमती वस्तुओं की चोरी रोकने के लिए आरपीएफ की ओर से गश्त और निगरानी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद बरामद मोबाइल फोन और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की आगे की कानूनी प्रक्रिया रेल पुलिस के स्तर पर पूरी की जाएगी।