वेव्स 2025: भारत ने रचनात्मक दुनिया में बनाई ग्लोबल पहचान, 90 से ज्यादा देशों ने लिया हिस्सा
- Post By Admin on Dec 31 2025
नई दिल्ली : इस साल आयोजित ‘वेव्स 2025’ कार्यक्रम में 90 से ज्यादा देशों ने हिस्सा लिया, जिसमें 10,000 से अधिक प्रतिनिधि, 1,000 क्रिएटर्स, 300 से ज्यादा कंपनियां, 350 से अधिक स्टार्टअप्स और करीब 1 लाख लोग शामिल हुए। यह जानकारी सरकार ने बुधवार को दी।
सरकार ने बताया कि कार्यक्रम में ब्रॉडकास्टिंग, मनोरंजन, एवीजीसी-एक्सआर, फिल्म और डिजिटल मीडिया जैसे कई क्षेत्रों के लोग शामिल हुए। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने इस साल भारत के मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।
‘वेव्स 2025’ को विश्व ऑडियो-विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन के रूप में आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि संस्कृति, रचनात्मकता और दुनिया को जोड़ने वाली एक लहर बताया। उन्होंने ‘क्रिएट इन इंडिया, क्रिएट फॉर द वर्ल्ड’ विजन पर जोर देते हुए निवेशकों और युवाओं को भारत के बढ़ते रचनात्मक क्षेत्र से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया।
कार्यक्रम का मुख्य हिस्सा ‘क्रिएटोस्फीयर’ था, जहां क्रिएटर्स को महत्व दिया गया। इस मंच पर फिल्म, वीएफएक्स, वीआर, एनीमेशन, गेमिंग, कॉमिक्स, संगीत, ब्रॉडकास्टिंग और डिजिटल मीडिया जैसे क्षेत्रों में नए विचारों को असली अनुभव में बदला गया।
वेव्स में 33 श्रेणियों में भारत और 60 से अधिक देशों से 1 लाख से अधिक एंट्रीज आईं। 8 क्रिएटिव जोन बनाए गए, जहां 750 से ज्यादा फाइनलिस्टों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रधानमंत्री मोदी ने युवा क्रिएटर्स से बातचीत की और भारत को वैश्विक कंटेंट हब बनाने की संभावनाओं पर चर्चा की।
समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 150 से अधिक क्रिएटर्स को ‘वेव्स क्रिएटर्स अवार्ड्स’ से सम्मानित किया। ‘वेवएक्स’ कार्यक्रम के तहत 200 से अधिक स्टार्टअप्स को सहयोग मिला और 30 से ज्यादा स्टार्टअप्स को माइक्रोसॉफ्ट, अमेज़न और लुमिकाई जैसी बड़ी कंपनियों के सामने अपने विचार रखने का मौका मिला। लगभग 100 स्टार्टअप्स ने प्रदर्शनी में अपने समाधान पेश किए।
अगस्त से नवंबर 2025 के बीच ‘वेव्स बाजार’ ने चार महाद्वीपों में 12 अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों और भारत में 4 बड़े कार्यक्रमों में भाग लिया, जिससे लगभग 4,334 करोड़ रुपए के व्यापार और निवेश की संभावनाएं बनीं।