नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर मार्च करने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें जंतर-मंतर से आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। कुछ मीडिया रिपोर्टों में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और हिरासत में लिए जाने के दावे किए गए हैं, जबकि दिल्ली पुलिस ने इन दावों से इनकार किया है।

जानकारी के अनुसार, सुबह प्रदर्शनकारी संसद भवन की ओर बढ़ने लगे। पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स के पास उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनातनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा और उन पर लाठीचार्ज किया, हालांकि पुलिस ने इस दावे को खारिज किया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, नई दिल्ली क्षेत्र में पहले से ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू थी। इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगाया गया था। एहतियात के तौर पर संसद की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई थी और बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी।

बताया गया कि कुछ प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा पार कर आगे बढ़ने में सफल रहे, जबकि कई अन्य को पुलिस ने मौके पर ही रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी खबरें सामने आई हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि प्रदर्शन को पेशेवर तरीके से नियंत्रित किया जा रहा है और किसी प्रकार के बल प्रयोग की बात सही नहीं है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

इस बीच प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बातचीत शुरू होने की भी जानकारी सामने आई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास जारी है।

*खबर में दी गई तस्वीर सांकेतिक है*