राजस्थान में विकास का बिगुल : पीएम मोदी देंगे हजारों करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
- Post By Admin on Feb 27 2026
नई दिल्ली : नरेन्द्र मोदी 28 फरवरी 2026 को राजस्थान के अजमेर का दौरा करेंगे। इस दौरान वे सुबह करीब 11:30 बजे 16,680 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे तथा एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
14 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत
निवारक स्वास्थ्य देखभाल को सशक्त बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण का राष्ट्रव्यापी अभियान भी शुरू करेंगे। इस पहल का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम करना है, जो महिलाओं में कैंसर से जुड़ी प्रमुख बीमारियों में शामिल है। सरकार का मानना है कि यह कदम देशभर की किशोरियों और महिलाओं के दीर्घकालिक स्वास्थ्य संरक्षण में मील का पत्थर साबित होगा।
सड़क एवं एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को मिलेगा बढ़ावा
प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें बांदीकुई-जयपुर 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, अमृतसर-जामनगर आर्थिक कॉरिडोर के पैकेज-7 के अंतर्गत 6-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीन हाईवे तथा दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे (पैकेज-14) में 8-लेन कैरिजवे शामिल हैं। इसके अलावा वे जोधपुर में 4-लेन एलिवेटेड रोड तथा बारां जिले में मालबमोरी-मंगरोल-बारां राज्य राजमार्ग की आधारशिला भी रखेंगे।
पेयजल और ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी पहल
सभी के लिए स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने की दिशा में नोनेरा प्रमुख पेयजल परियोजना के चार पैकेज और परवान अकावाद प्रमुख पेयजल परियोजना के पांच पैकेजों की आधारशिला रखी जाएगी। साथ ही राजस्थान के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों से बिजली निकासी के लिए ट्रांसमिशन प्रणालियों का उद्घाटन किया जाएगा। इस दौरान पांच 220 केवी और दो 400 केवी ग्रिड सबस्टेशन तथा संबंधित ट्रांसमिशन लाइनों की भी आधारशिला रखी जाएगी।
21,800 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र
रोजगार सृजन और युवा सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए प्रधानमंत्री राजस्थान के विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त 21,800 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
प्रधानमंत्री का यह दौरा स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा, ऊर्जा और रोजगार जैसे विभिन्न क्षेत्रों में राज्य के विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है।