यमुना घाट पर छठ पूजा की तैयारियां तेज, जल गुणवत्ता की जांच में जुटा जल बोर्ड
- Post By Admin on Oct 23 2025
.jpg)
नई दिल्ली : आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ की तैयारियां दिल्ली में चरम पर हैं। यमुना नदी के किनारे बने छठ घाटों पर निर्माण और सफाई कार्य तेज़ी से जारी है। दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) द्वारा घाटों के समीप जल की गुणवत्ता की जांच की जा रही है ताकि व्रतधारियों को स्नान और अर्घ्य के दौरान किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी अनिल मिश्रा ने बताया कि कालिंदी कुंज और आसपास के घाटों से नियमित रूप से पानी के सैंपल लिए जा रहे हैं, जिनकी जांच ओखला स्थित प्रयोगशाला में की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जल की गुणवत्ता स्नान के लिए उपयुक्त पाई गई है और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (एसटीपी) के कामकाज में भी सुधार हुआ है।
इधर, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को वजीराबाद स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों पर स्वच्छता, रोशनी, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छता, संस्कृति और सुशासन का प्रतीक है।
उन्होंने कहा, “दिल्ली सरकार का संकल्प है कि छठ व्रतियों को हर संभव सुविधा मिले। यह पर्व श्रद्धा, आस्था और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है।”
दिल्ली सरकार के निर्देश पर विभिन्न विभाग मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि छठ पूजा के दौरान राजधानी के सभी घाटों पर भक्तों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिले।