गुलमर्ग : खेलो इंडिया शीतकालीन खेल का शुभारम्भ

  • Post By Admin on Feb 10 2023
गुलमर्ग : खेलो इंडिया शीतकालीन खेल का शुभारम्भ

श्रीनगर : विश्व प्रसिद्ध स्की रिसार्ट गुलमर्ग में खेलो इंडिया शीतकालीन खेल 2023 की शुक्रवार को शुरुआत हो गई। केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर व जम्मू-कश्मीर केन्द्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इसका उद्घाटन किया। खेलो इंडिया शीतकालीन खेल 14 फरवरी तक चलेंगे। इनमें देश के 29 राज्यों के 1500 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने खिलाड़ियों व दर्शकों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि इससे खिलाड़ियों को तो लाभ होगा ही पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि भारी बर्फबारी के बाद भी खेलों के प्रति लोगों का उत्साह देखकर पता चलता है कि फिट इंडिया अभियान को प्रशासन ने गांव-गांव तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि लोगों का उत्साह बता रहा है कि वे शीतकालीन खेल के लिए कितने उत्सुक हैं। दो वर्षों के बाद फिर से गुलमर्ग में इसका आगाज हो गया है। उधर देश भर से आए खिलाड़ी भी पूरे जोश के साथ प्रदर्शन को तैयार हैं। युवा बढ़-चढ़कर खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। खुशी है कि कश्मीर में पर्यटन लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार यहां पर और सुविधाएं बढ़ाएगी जिससे टूरिज्म के साथ रोजगार भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर बर्फबारी के मौसम में लोग रात में स्कीइंग और लेजर शो का आनंद ले रहे हैं। इससे पता चलता है कि जम्मू कश्मीर बदल चुका है। प्रधानमंत्री विकास पैकेज के तहत जम्मू-कश्मीर प्रशासन शानदार काम कर रहा है। इस योजना के तहत खेल की सुविधाएं, मैदान और इंडोर स्टेडियम बनाने का काम अच्छे तरीके से किया गया है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया एक ऐसा अभियान है, जिसमें युवा खेल, विश्वविद्यालय खेल व शीतकालीन खेल आयोजित होते हैं।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि खेलो इंडिया विंटर गेम्स 14 फरवरी तक चलेंगे। इससे खिलाड़ियों को फायदा होगा और पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी। प्रशासन खिलाड़ियों व पर्यटकों की हर सुविधा व सुरक्षा का पूरा ध्यान रख रहा है। जम्मू-कश्मीर अब विकास के साथ-साथ शांति व समृद्धि की ओर बढ़ चला है।

उल्लेखनीय है कि देश भर से आये हुए खिलाड़ी स्कीईंग, एल्पाइन स्कीईंग, स्नो रग्बी, आइस स्टाक स्पोर्ट, स्नो बेसबाल, पर्वतारोहण, स्नो शू रनिंग, आइस हाकी, फिगर स्केटिंग और स्पीड स्केटिंग में अपना दम खम दिखायेंगे। इससे पहले गुरुवार को अनुराग ठाकुर ने टंगमर्ग में स्नो क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन किया था और खुद भी बर्फ के बीच क्रिकेट खेलने का मजा लिया।