गुरु नानक जयंती पर देशभर में उमड़ी श्रद्धा, राष्ट्रपति मुर्मू और केंद्रीय मंत्रियों ने दी शुभकामनाएं

  • Post By Admin on Nov 05 2025
गुरु नानक जयंती पर देशभर में उमड़ी श्रद्धा, राष्ट्रपति मुर्मू और केंद्रीय मंत्रियों ने दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली : देशभर में आज गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और गुरु नानक देव जी के उपदेशों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

राष्ट्रपति मुर्मू ने गुरु नानक जयंती के अवसर पर देश और विदेश में रह रहे भारतीयों को बधाई देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन सत्य, न्याय और करुणा का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “गुरु नानक देव जी ने हमें सिखाया कि सच्चाई और मानव समानता पर आधारित जीवन ही वास्तविक सफलता का मार्ग है। उनकी शिक्षाएं हमें एकता, ईमानदारी और सहयोग की भावना से प्रेरित करती हैं।”

राष्ट्रपति ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे गुरु नानक देव जी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लें और एक सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण में योगदान दें।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, “गुरु नानक देव जी का सत्य, दया और निस्वार्थ सेवा का संदेश आज भी मानवता को शांति और एकता की दिशा में अग्रसर करता है।” उन्होंने यह भी कामना की कि गुरु की शिक्षाएं सभी को करुणा और सद्भाव की राह पर चलने की शक्ति दें।

वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “महान संत, सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु, गुरु नानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व पर कोटि-कोटि नमन। गुरु की कृपा से हर हृदय में प्रेम, सेवा और सद्भाव की ज्योति जलती रहे, यही प्रार्थना है।”

देशभर के गुरुद्वारों में इस अवसर पर दीवान सजाए जा रहे हैं, कीर्तन और लंगर का आयोजन हो रहा है। श्रद्धालु गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का स्मरण कर मानवता, समानता और सेवा की भावना को पुनर्जीवित करने का संकल्प ले रहे हैं।