अमेरिका से बढ़ते तनाव के बीच ईरान में सैन्य हेलीकॉप्टर क्रैश, दो पायलट समेत 4 की मौत

  • Post By Admin on Feb 24 2026
अमेरिका से बढ़ते तनाव के बीच ईरान में सैन्य हेलीकॉप्टर क्रैश, दो पायलट समेत 4 की मौत

नई दिल्ली : अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान में मंगलवार को बड़ा सैन्य हादसा हो गया। सेंट्रल ईरान में ईरानी सेना का एक हेलीकॉप्टर सब्जी मार्केट इलाके में क्रैश हो गया, जिसमें दो पायलटों सहित कुल चार लोगों की मौत हो गई।

सरकारी मीडिया के अनुसार यह हादसा राजधानी तेहरान से करीब 330 किलोमीटर दूर दक्षिणी क्षेत्र में हुआ। बताया गया कि हेलीकॉप्टर प्रशिक्षण उड़ान पर था, तभी वह अचानक अनियंत्रित होकर बाजार क्षेत्र में गिर गया। दुर्घटना के बाद मौके पर मलबा और धुएं का गुबार उठता देखा गया।

इस्फहान के पास हुआ हादसा

हादसा इस्फहान के पास हुआ, जहां ईरान का एक प्रमुख एयर बेस और परमाणु प्रतिष्ठान स्थित है। गौरतलब है कि जून में ईरान-इजराइल तनाव के दौरान अमेरिका ने इसी क्षेत्र को निशाना बनाया था।

अमेरिका-ईरान तनाव चरम पर

इधर, अमेरिका और ईरान के बीच हालिया दिनों में बयानबाजी तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीमित हमले की चेतावनी दी थी, जिसके बाद ईरानी सेना हाई अलर्ट पर है। विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों देशों के बीच हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं और किसी भी समय टकराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि मृतकों की पहचान और अन्य तकनीकी विवरण सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।