रूस का सुपर स्ट्राइक : यूक्रेन के 7 शहरों पर मिसाइल-ड्रोन बरसात, भारी तबाही

  • Post By Admin on Feb 24 2026
रूस का सुपर स्ट्राइक : यूक्रेन के 7 शहरों पर मिसाइल-ड्रोन बरसात, भारी तबाही

कीव : रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव सहित कई प्रमुख शहरों पर क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों के साथ ड्रोन से व्यापक हमला किया। हमले में ओडेसा बंदरगाह, ऊर्जा संयंत्रों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया गया, जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान की खबर है।

हमलों के दौरान लवीव शहर में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई, जबकि कम से कम 24 लोग घायल बताए जा रहे हैं। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, कीव के अलावा निप्रो, किरोवोड, मिकोलेव, पोल्टावा, लवीव और सुमी क्षेत्रों को भी निशाना बनाया गया। कई आवासीय इमारतों और रेलवे संपत्तियों को क्षति पहुंची है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस बातचीत के बजाय हमलों के जरिए यूक्रेन को अधिक नुकसान पहुंचाने की रणनीति अपना रहा है। उनके अनुसार, केवल इसी सप्ताह रूस ने 1,300 ड्रोन, 1,400 गाइडेड बम और 96 मिसाइलें दागी हैं। ताजा हमले में 33 मिसाइलें और 274 ड्रोन इस्तेमाल किए गए।

उल्लेखनीय है कि रूस-यूक्रेन युद्ध को चार वर्ष पूरे होने को हैं। संघर्ष को समाप्त करने के लिए अमेरिका समेत कई देश कूटनीतिक प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जमीनी कब्जों और सुरक्षा गारंटी जैसे मुद्दों पर अब तक कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी है। इससे पहले यूक्रेन ने भी रूस की सीमा के भीतर लगभग 1,400 किलोमीटर अंदर तक ड्रोन हमला किया था, जिसमें एक रूसी मिसाइल फैक्ट्री को नुकसान पहुंचा और 11 लोग घायल हुए थे।

लगातार बढ़ते हमलों ने क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा चिंताओं को और गहरा कर दिया है।