आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति शरद कुमार यादव ने संभाला पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय का अतिरिक्त प्रभार
- Post By Admin on Jan 16 2025

पटना : आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति शरद कुमार यादव ने आज पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना के कुलपति का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं और योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय को उन्नति के पथ पर आगे बढ़ाने का हर संभव प्रयास करेंगे।
कुलपति यादव ने कहा कि उनकी प्राथमिकता छात्रों और प्रशासन से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना होगा। उन्होंने कहा, "यह एक बड़ी जिम्मेदारी है और कुलाधिपति द्वारा मुझ पर जो विश्वास जताया गया है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाने का प्रयास करूंगा।"
उन्होंने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कॉलेजों की ग्रेडिंग में सुधार पर जोर दिया। यादव ने कहा, "हमारा लक्ष्य है कि जिन कॉलेजों की ग्रेडिंग पहले से अच्छी है, उन्हें और बेहतर किया जाए। साथ ही जिन कॉलेजों को अभी तक ग्रेडिंग नहीं मिली है, उन्हें राष्ट्रीय स्तर की ग्रेड दिलाने का प्रयास किया जाएगा।"
कुलपति यादव ने विश्वविद्यालय की प्रशासनिक प्रक्रियाओं को डिजिटल बनाने की दिशा में काम करने का वादा किया। उन्होंने ई-फाइलिंग और डिजी लॉकर जैसी आधुनिक प्रणालियों को लागू करने का आश्वासन दिया, ताकि प्रशासनिक कार्य अधिक पारदर्शी और सरल हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि शैक्षणिक सत्र नियमित रूप से चलेंगे और सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जाएंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों के कॉलेजों को उन्नत बनाने पर जोर देते हुए यादव ने कहा, "हमारी कोशिश होगी कि ग्रामीण क्षेत्र के कॉलेजों को भी राष्ट्रीय स्तर का बनाया जाए।"
यह भी उल्लेखनीय है कि शरद कुमार यादव वर्तमान में आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति के साथ-साथ राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के सदस्य भी हैं। इससे पहले वे गौ अनुसंधान संस्थान, मथुरा में निदेशक और डीन के पद पर कार्यरत थे।
इस अवसर पर प्रति कुलपति प्रो. गणेश महतो और कुलसचिव प्रो. एनके झा ने शरद कुमार यादव का बुके देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी, प्राध्यापक और कर्मचारी भी उपस्थित थे।