संत गुरू घासीदास जी के जन्मदिन पर पर्यावरण भारती द्वारा वृक्षारोपण
- Post By Admin on Dec 19 2024

पटना : संत शिरोमणि गुरू घासीदास जी के जन्मदिन के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा पटना के राजेन्द्र नगर के शाखा मैदान परिसर में फलदार वृक्ष जामून के 9 पौधे लगाए गए। इस पौधारोपण अभियान का नेतृत्व पटना महानगर के पेड़ उपक्रम प्रमुख हिमालय ने किया।
पर्यावरण भारती 2008 से लगातार वृक्षारोपण अभियान चला रही है जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और ग्लोबल वार्मिंग के प्रभावों से बचाव है। इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने बच्चों के जन्मदिन पर एक पेड़ लगाने और उसे 5 वर्षों तक सुरक्षा देने का संकल्प लेना चाहिए ताकि प्राकृतिक ऑक्सीजन की कमी को दूर किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि कोविड-19 महामारी ने हमें यह सिखाया कि हरे-भरे वृक्षों का संरक्षण हमारे जीवन के लिए आवश्यक है।
शाण्डिल्य ने बताया कि संत गुरू घासीदास जी का जन्म 18 दिसंबर 1756 को छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के गिरौदपुर गाँव में हुआ था। वे समाज सुधारक थे और उनके जीवन के सिद्धांतों ने लाखों अनुयायियों को प्रेरित किया। उनके द्वारा दी गई शिक्षा में सभी मानवों को समान मानना, छुआछूत और ऊँच-नीच का भेद मिटाना, सत्य के प्रति आस्था, मांसाहार और शराब से दूर रहना जैसी बातें शामिल हैं।
इस अभियान में पटना के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. गौतम कुमार, हिमालय, साक्षी अग्रवाल, रंजन अग्रवाल, अमित कुमार, दीपक कुमार सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे और पर्यावरण संरक्षण के इस प्रयास में भाग लिया।