मुजफ्फरपुर : गणतंत्र दिवस 2025 के सफल एवं सुचारु आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों पर चर्चा की और विभिन्न कार्यों की समयबद्ध रूप से संपादन सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया।

बैठक में गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह की योजना को लेकर कई निर्णय लिए गए। मुख्य समारोह सिकंदरपुर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। जहां झंडोत्तोलन, परेड और झांकी का कार्यक्रम होगा। इस मौके पर विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा विकासात्मक और जन कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी।

झांकी की तैयारी के लिए पंचायती राज विभाग, उत्पाद विभाग, आईसीडीएस, जीविका, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और पुलिस विभाग को समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इन झांकियों की तैयारी और उनकी निगरानी के लिए उप विकास आयुक्त और डायरेक्टर डीआरडीए को जिम्मेदारी दी गई।

परेड की तैयारी 18 जनवरी से 23 जनवरी तक की जाएगी। जबकि 24 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) को परेड से संबंधित सभी तैयारियों को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा, संध्या में 3:30 बजे से 5:30 बजे तक नगर भवन में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। जिसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी और कला संस्कृति पदाधिकारी को समुचित तैयारी करने की जिम्मेदारी दी गई।

बैठक में विधि व्यवस्था बनाए रखने, यातायात और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देश जारी किए गए। कार्यपालक अभियंता (भवन निर्माण विभाग) को रंग रोगन और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने तथा सिविल सर्जन को मेडिकल टीम की तैनाती करने का आदेश दिया गया।

इस बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) संजीव कुमार, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी फिरोज अख्तर, सिविल सर्जन डॉ. अजय कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी अजय कुमार सिंह सहित कई अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।