अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशक सम्मलेन-2024 में पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष को मिली प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की सराहना

  • Post By Admin on Dec 02 2024
अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशक सम्मलेन-2024 में पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष को मिली प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की सराहना

पटना : भुवनेश्वर में आयोजित अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक सम्मलेन-2024 में बिहार पुलिस के लिए गर्व का क्षण रहा जब सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने ‘बीएनएस’ कानून के तहत किये गए गंभीर अपराधों के अनुसंधान और त्वरित न्याय की प्रक्रिया पर एक प्रेजेंटेशन दिया। 

डॉ. आशीष ने रसूलपुर थाना के धनाडीह गांव में हुए तिहरे हत्याकांड (कांड संख्या -133/24) के मामले का हवाला देते हुए बताया कि किस प्रकार 14 दिनों के भीतर पुलिस ने अनुसंधान पूरा किया और दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। इसके बाद न्यायालय ने 50 दिनों के भीतर त्वरित विचारण करते हुए दोनों दोषियों को उम्रकैद और आर्थिक दंड की सजा सुनाई। 

प्रस्तुति के दौरान डॉ. आशीष ने बताया कि इस मामले में अपनाए गए कार्यप्रणाली और समयबद्ध कार्य के कारण त्वरित न्याय की प्रक्रिया सफल रही। इस मॉडल को सुनने के बाद उपस्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पुलिस महानिदेशक बिहार आलोक राज सहित सभी राज्यों के पुलिस प्रमुखों ने इस पहल की सराहना की। 

उन्होंने इसे अन्य जगहों पर भी लागू करने का सुझाव दिया। जिससे गंभीर अपराधों की जांच और न्याय प्रक्रिया को तेज़ी से पूरा किया जा सके। सम्मलेन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ-साथ सभी राज्यों के पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक भी मौजूद थे। 

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में बिहार पुलिस की इस पहल को विशेष रूप से सराहा गया। जो न केवल अन्य राज्यों के लिए एक आदर्श बन सकता है, बल्कि भारतीय न्याय व्यवस्था की प्रभावशीलता को भी बढ़ा सकता है। इस सफलता से पुलिस प्रशासन की कार्यकुशलता और न्याय प्रणाली के प्रति जनविश्वास को मजबूत करने में मदद मिलेगी और अन्य राज्य भी इस मॉडल को अपने यहां लागू करने की दिशा में विचार कर सकते हैं।