मुजफ्फरपुर : भारतीय संविधान की यात्रा स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व जैसे महान आदर्शों पर आधारित है। संविधान का सम्मान करने, उसके मूल्यों का पालन करने और उसकी भावना को अपने जीवन में उतारने से ही सशक्त एवं विकसित भारत का निर्माण संभव है। ये बातें बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. (डॉ.) विपिन कुमार राय ने संविधान दिवस पर रामदयालु सिंह महाविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में कहीं।
महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग और आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आइक्यूएसी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय संगोष्ठी का विषय 'भारतीय संविधान का बदलता हुआ परिदृश्य एवं 2047 का विकसित भारत' था। मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. विपिन कुमार राय ने संवैधानिक मूल्यों और संविधान की निरंतर यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान की विकास यात्रा आधुनिक भारत के निर्माण की गौरवशाली गाथा है। इसके आदर्शों को आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने विद्यार्थियों से संविधान को पढ़ने, समझने और उसमें निहित नैतिक मूल्यों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। इसके लिए अंधविश्वास से दूर रहकर तर्क, विवेक और ज्ञान को अपने जीवन का आधार बनाना जरूरी है।
संगोष्ठी में हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. रमेश प्रसाद गुप्ता, अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. आरएन ओझा और इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. एमएन रजवी ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का स्वागत भाषण डॉ. रजनीकांत पांडे ने दिया। मंच संचालन डॉ. पंकज कुमार तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अमृता कुमारी ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर डॉ. नीरज मिश्रा, डॉ. भगवान कुमार, डॉ. श्रुति मिश्रा, डॉ. अनुराधा पाठक, डॉ. अमर ज्योति सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। वहीं, प्रियांशी, पुतुल, अभिषेक, साक्षी, तृप्ति और विवेक सहित विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। राष्ट्रगान के साथ संगोष्ठी का समापन हुआ।
















