मुजफ्फरपुर : संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर ही एक समावेशी, समृद्ध और न्यायपूर्ण विकसित भारत का निर्माण संभव है। स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों को केवल पुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें दैनिक जीवन में अपनाना होगा। ये बातें लंगट सिंह महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष व्याख्यान में कहीं।

महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम का विषय 'भारतीय संविधान और विकसित भारत की अवधारणा' था। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि भारतीय संविधान महज एक दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का जीवंत दर्शन है। यह समावेशिता, न्याय और समानता के सिद्धांतों पर आधारित है। संविधान हमें देश की ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने के साथ ही विकसित भारत के निर्माण की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के मूल्यों को अपने व्यवहार और दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा सामाजिक परिवर्तन के वाहक बन सकते हैं। संविधान का भविष्य हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता से ही समृद्ध एवं न्यायपूर्ण समाज का निर्माण किया जा सकता है।

मुख्य वक्ता आरडीएस कॉलेज, मुजफ्फरपुर के राजनीति विज्ञान विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. अरुण कुमार सिंह ने संविधान के मूल्यों और विकसित भारत की संकल्पना के बीच संबंधों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान सामाजिक न्याय और समानता की नींव पर खड़ा है। विकसित भारत का लक्ष्य भी इन्हीं मूल्यों को आत्मसात करके हासिल किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान संविधान दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इस दौरान संविधान के आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। मौके पर प्रो. पुष्पा कुमारी, डॉ. शशिकांत पाण्डेय, डॉ. बाणेश्वर शर्मा, डॉ. अर्धेंदु, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. विजय कुमार, डॉ. संध्या कुमारी, डॉ. राजेश अनुपम, डॉ. अंजना कुमारी सहित अन्य शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।