मुजफ्फरपुर : संविधान के महत्व, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय में संविधान दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में आयोजित समारोह में भाषण, क्विज और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और संवैधानिक समझ का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता रानी, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. संतोष कुमार और अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अवसर प्रदान करता है। इसकी सार्थकता तभी है, जब इसके आदर्शों को पुस्तकों तक सीमित न रखकर अपने व्यवहार और जीवनशैली में शामिल किया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुता के मूल्यों को अपनाने तथा अधिकारों के साथ अपने नागरिक कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की।
राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संविधान सभा के गठन और योगदान, प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों तथा राज्य के नीति निदेशक तत्वों की जानकारी दी। उन्होंने सरल तरीके से समझाया कि भारतीय संविधान किस प्रकार देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को दिशा प्रदान करता है। साथ ही प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों की व्यावहारिक महत्ता पर प्रकाश डाला। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. चितरंजन ने कहा कि संविधान के मूल्यों पर चर्चा केवल संविधान दिवस तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। संविधान एक कानूनी दस्तावेज होने के साथ सामाजिक जीवन को बेहतर बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा तय करने वाला मार्गदर्शक भी है। विद्यार्थियों को समानता, सहिष्णुता, आपसी सम्मान और न्याय जैसे मूल्यों को अपने व्यवहार में अपनाना चाहिए।
समारोह के तहत आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में गुंजन कुमारी ने प्रथम, लीशा फलक ने द्वितीय तथा कविता कुमारी और खुशी कुमारी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। क्विज प्रतियोगिता में समीक्षा कुमारी प्रथम, कविता कुमारी और प्रकाश कुमार संयुक्त रूप से द्वितीय तथा निधि झा तृतीय स्थान पर रहीं। भाषण प्रतियोगिता में कुमकुम कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। श्वेता कुमारी द्वितीय और मोहम्मद अमानुल्लाह तृतीय स्थान पर रहे। प्रतिभागियों ने अपने वक्तव्यों में संविधान के महत्व, लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका और संवैधानिक मूल्यों की प्रासंगिकता पर विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नागरिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का माध्यम है। इस तरह के आयोजन युवाओं को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाते हैं। अंत में दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. संध्या कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्राचार्या, शिक्षकों, अतिथियों, प्रतिभागियों और एनएसएस स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। संविधान के आदर्शों के प्रति सम्मान और जिम्मेदार नागरिक बनने के संकल्प के साथ समारोह संपन्न हुआ।
















