जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर राष्ट्रीय लोक निर्माण पार्टी ने दी श्रद्धांजलि

  • Post By Admin on Jan 25 2025
जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर राष्ट्रीय लोक निर्माण पार्टी ने दी श्रद्धांजलि

मुजफ्फरपुर : जिले के कन्हौली क्षेत्र के पटेल नगर स्थित खादी भंडार में राष्ट्रीय लोक निर्माण पार्टी ने बीते शुक्रवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर जी की जयंती भव्य तरीके से मनाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय संगठन प्रभारी आनंद पटेल ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि नाई जाति में जन्मे महानायक कर्पूरी ठाकुर ने राजनीति को जनसेवा के रूप में जिया और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई लड़ते हुए 'जननायक' के रूप में ख्याति प्राप्त की।  

राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता श्याम कुमार ने कर्पूरी ठाकुर को ईमानदारी और सादगी का प्रतीक बताते हुए कहा कि बिहार में नेता प्रतिपक्ष, उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए भी उन्होंने हमेशा पिछड़ों, दलितों और शोषितों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। श्याम कुमार ने कर्पूरी ठाकुर को भारतीय राजनीति का संत बताते हुए कहा कि वे सादगी में जीते हुए गरीबों के सच्चे मसीहा बनकर उभरे।  

राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष रंजीता कुशवाहा ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर जी राजनीति के कबीर थे। वे फकीरी में रहते हुए गरीबों की लड़ाई लड़ते रहे और जीवनभर फक्कड़ बने रहे। उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक गरीबों के घर नहीं बनते, वे खुद भी झोपड़ी में रहेंगे।  

कैलाश पासवान ने बताया कि कर्पूरी ठाकुर सामाजिक न्याय के पक्षधर थे और जब उन्होंने बिहार में संवैधानिक आरक्षण लागू किया, तो उन्होंने जाति से ऊपर उठकर समाज और आम जनता के लिए काम किया।  

कार्यक्रम में विजय कुमार पासवान, नीरज कुमार, मुस्कान केशरी, चंचल कुमारी, कंचन कुमारी, रोशनी कुमारी, आदित्य सुमन, रूपेश कुमार सिंह और सीमा कुमारी समेत कई लोगों ने अपने विचार साझा किए।  

इस दौरान राष्ट्रीय लोक निर्माण पार्टी के पदाधिकारियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर लोक गायिका अनीता कुमारी ने अपने गीत "जननायक कर्पूरी ठाकुर गरीबों के मसीहा कहईले" के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी। धन्यवाद ज्ञापन सुनील कुमार राष्ट्रीय अध्यक्ष (कला संस्कृति प्रकोष्ठ) ने किया।