राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने की कर्पूरी ठाकुर की जयंती समारोह आयोजित
- Post By Admin on Jan 24 2025

- जदयू के पूर्व विधानपरिषद रामेश्वर महतो ने थामा दामन
पटना : राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) द्वारा गुरुवार को श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की 101वीं जयंती समारोह सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जदयू के पूर्व विधानपरिषद सदस्य रामेश्वर कुमार महतो ने अपने समर्थकों के साथ राष्ट्रीय लोक मोर्चा का दामन थामा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य सभा सांसद उपेन्द्र कुशवाहा की उपस्थिति में रामेश्वर कुमार महतो और उनके साथ शामिल अन्य नेताओं ने सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम की शुरुआत उपेन्द्र कुशवाहा द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई और उन्होंने कर्पूरी ठाकुर और सुभाष चंद्र बोस के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उपेन्द्र कुशवाहा ने इस अवसर पर कहा, “रामेश्वर महतो जी ने पार्टी में शामिल होने का निर्णय पहले ही ले लिया था, लेकिन यह दिन विशेष है क्योंकि हम कर्पूरी ठाकुर जी की जयंती मना रहे हैं और रामेश्वर जी को पार्टी में शामिल कर रहे हैं। उनके आने से पार्टी को नई ताकत मिलेगी।”
उपेन्द्र कुशवाहा ने आगे कहा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा की स्थापना में रामेश्वर महतो की अहम भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि जब जदयू से उनकी पार्टी का संबंध टूट गया था और जब राष्ट्रीय लोक मोर्चा का गठन हो रहा था, तब महतो जी हमारे साथ थे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य अब जदयू को नुकसान पहुंचाने का नहीं बल्कि बिहार की राजनीति में सुधार करने का है।
कार्यक्रम के बाद रामेश्वर कुमार महतो ने अपने संबोधन में कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपेन्द्र कुशवाहा की राजनीति में भूमिका की सराहना की। महतो ने कहा, “उपेन्द्र कुशवाहा जी देश के पहले नेता थे जिन्होंने कॉलेजियम सिस्टम पर संसद में बात की। उनकी यह बात आज रंग लाई है और सरकार ने इस पर काम शुरू कर दिया है। मैं उनके विचारों से हमेशा प्रभावित रहा हूँ।”
उन्होंने बिहार में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहे सुधारों का भी उल्लेख किया और कहा कि उपेन्द्र कुशवाहा के नेतृत्व में राज्य को और आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति अपनी आदर भावना भी व्यक्त की और कहा कि पार्टी छोड़ने के बावजूद, उनके साथ काम करने का अनुभव हमेशा प्रेरणादायक रहा।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने की। जबकि संचालन प्रदेश महासचिव और प्रवक्ता राम पुकार सिन्हा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन आर के सिन्हा ने किया। इस समारोह में बिहार के तमाम जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और पार्टी के हजारों कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद थे।