पोलावरम परियोजना पर प्रधानमंत्री मोदी ने बुलाई महत्वपूर्ण बैठक, 28 मई को तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों से चर्चा

  • Post By Admin on May 27 2025
पोलावरम परियोजना पर प्रधानमंत्री मोदी ने बुलाई महत्वपूर्ण बैठक, 28 मई को तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों से चर्चा

रायपुर : गोदावरी नदी पर बहुउद्देशीय पोलावरम बांध परियोजना को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में 28 मई को नई दिल्ली में अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में आंध्रप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों के साथ परियोजना से जुड़े विवादों पर चर्चा कर सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा।

पोलावरम परियोजना का उद्देश्य आंध्रप्रदेश में 2.91 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई, 960 मेगावाट जलविद्युत उत्पादन और 540 गांवों व विशाखापत्तनम शहर के करीब 28.5 लाख लोगों को पेयजल उपलब्ध कराना है। हालांकि, छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के 25 से अधिक गांव इस परियोजना के जलाशय में डूबान की मार झेलेंगे, जिससे स्थानीय आदिवासी समुदाय की रोजी-रोटी प्रभावित होने का खतरा है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सिंचाई मंत्री केदार कश्यप इस बैठक में छत्तीसगढ़ का पक्ष रखेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि कांग्रेस परियोजना के विरोधी नहीं, पर बांध की ऊंचाई कम करने और विस्थापन की उचित व्यवस्था करने की मांग करती है।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी बैठक में शामिल होंगे। आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चन्द्रबाबू नायडू इस परियोजना के पक्ष में हैं। इस विवादित परियोजना पर लंबे समय से चल रहे विवादों का समाधान इस बैठक से निकलने की उम्मीद है।

स्थानीय लोग पहले विस्थापन और पुनर्वास की व्यवस्था करने पर जोर दे रहे हैं और बांध की ऊंचाई कम करने के साथ शबरी नदी के किनारे 29 किलोमीटर लंबी सुरक्षा दीवार बनाने की मांग भी उठा रहे हैं।

पोलावरम बांध की ऊंचाई 45 मीटर और लंबाई 1,320 मीटर है, जिसमें 50 लाख क्यूसेक पानी छोड़ने की क्षमता वाला स्पिलवे भी शामिल है। यह परियोजना क्षेत्र के व्यापक सिंचाई, जलविद्युत और पेयजल आपूर्ति के साथ-साथ राज्य सरकारों के बीच अंतर्राज्यीय विवादों को भी खत्म करने का प्रयास है।

प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक के बाद परियोजना को लेकर एक संयुक्त निर्णय सामने आने की संभावना है।