नए मुख्यमंत्री पर प्रशांत किशोर का तंज, कहा—बिहार अब रिमोट कंट्रोल से चलेगा
- Post By Admin on Apr 14 2026
अररिया : जन सुराज की मीडिया ब्रीफिंग के दौरान प्रशांत किशोर ने बिहार के नए मुख्यमंत्री को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ज्ञान की भूमि बिहार को भाजपा ने ऐसा नेतृत्व दिया है, जिसका “चाल, चरित्र और चेहरा” चर्चा का विषय होना चाहिए।
हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम नहीं लिया, लेकिन इशारों-इशारों में उन पर निशाना साधते हुए कहा कि यह नई भाजपा है, जो बिहार को अब गुजरात से चलाने की कोशिश कर रही है।
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि आज बिहार में जो नेतृत्व सामने आया है, वह स्वतंत्र नहीं है, बल्कि उसकी “चाबी” या “रिमोट कंट्रोल” केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पास होगा।उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की प्राथमिकता यह है कि बिहार के लाखों युवा कम मजदूरी पर गुजरात जाकर काम करें, जहां स्थानीय लोग मालिक बनें और बिहार के लोग मजदूर के रूप में काम करने को मजबूर हों।
प्रशांत किशोर ने कहा कि यह स्थिति बिहार के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है और राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है।