तबीयत बिगड़ने पर वृद्धा कांति मां अस्पताल में भर्ती, संस्था कर रही देखरेख और कानूनी लड़ाई

  • Post By Admin on Jun 23 2025
तबीयत बिगड़ने पर वृद्धा कांति मां अस्पताल में भर्ती, संस्था कर रही देखरेख और कानूनी लड़ाई

मुजफ्फरपुर : स्थानीय वृद्धा आश्रम में रह रही कांति देवी उर्फ कांति मां की तबीयत रविवार देर रात अचानक बिगड़ गई। सूचना मिलते ही सोशल वर्कर फॉर वूमेन एंपावरमेंट संस्था की टीम तुरंत आश्रम पहुंची और उन्हें लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक कांति मां की हालत अभी नाजुक बनी हुई है और अगले सात दिनों तक उन्हें अस्पताल में भर्ती रहना होगा।

संस्था की ओर से बताया गया कि जब तक कांति मां पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जातीं, संस्था का कोई न कोई सदस्य लगातार अस्पताल में उनकी देखरेख के लिए मौजूद रहेगा। फिलहाल संस्था की सदस्य पूनम देवी और अन्य कार्यकर्ता अस्पताल में उनकी सेवा में जुटे हुए हैं। सोमवार को उनकी तबीयत में एक बार फिर गिरावट आई, जिसके बाद डॉक्टर नवीन ने विशेष चिकित्सा शुरू की।

कांति मां का एक कानूनी मामला भी संस्था की देखरेख में चल रहा है, जिसकी सुनवाई मंगलवार को होनी है। इस मामले में अधिवक्ता राजेश कुमार श्रीवास्तव उनकी ओर से पैरवी कर रहे हैं। पिछली सुनवाई में अनुमंडल पदाधिकारी (पश्चिमी) श्रेया श्री ने कांति मां के पक्ष में फैसला सुनाया था, लेकिन राहत राशि ₹5000 की प्रक्रिया को इस शर्त के साथ टाल दिया गया था कि संस्था पहले उस राशि के खर्च का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करे।

संस्था ने जिला प्रशासन से अपील की है कि कांति मां को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनके कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए न्याय प्रक्रिया में भी सहयोग दिया जाए। संस्था का कहना है कि उनका उद्देश्य न केवल कांति मां के स्वास्थ्य की देखभाल करना है, बल्कि उन्हें उनका सम्मान और अधिकार भी दिलाना है।