समस्तीपुर : बीते रविवार को जूट मिल रोड स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में भव्य निरंकारी भक्ति पर्व समागम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सम्माननीय महात्मा मनोज जी ने सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज सहित संत महापुरुषों की शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने मानवता और एकत्व को भक्ति पर्व का मूल संदेश बताते हुए कहा कि हर सांस में हमें अपनी वास्तविकता को परमात्मा से जोड़कर रखना चाहिए, जिससे हमारा हर कार्य मानवता के प्रति समर्पित हो।
महात्मा मनोज जी ने कहा कि मानव जीवन अक्सर स्वार्थ और व्यक्तिगत आवश्यकताओं में उलझकर समाप्त हो जाता है। केवल ब्रह्मज्ञानी महात्मा ही प्रेम, नम्रता, और परोपकार के साथ एकत्व का संदेश देते हैं, जो विश्व बंधुत्व की नींव है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर हर व्यक्ति एक-दूसरे के प्रति "पहले आप" की भावना अपनाए तो समाज में सम दृष्टि और समर्पण का भाव जागृत होगा, जो आज की मानवता के लिए अत्यंत आवश्यक है।
सत्संग कार्यक्रम का संचालन मुखी महात्मा राजेश कुमार ने किया। कार्यक्रम में राज किशोर, विनोद कुमार महाराज, महात्मा राम प्रकाश, शिक्षक महात्मा नंदेश्वर, यमुना प्रसाद, मोतीलाल, मिथिलेश कुमार सहित सैकड़ों श्रद्धालु और सेवा दल के सदस्य उपस्थित थे। इस आयोजन ने श्रद्धालुओं को मानवता और एकता का संदेश देकर भावविभोर कर दिया।




















