मुजफ्फरपुर : शहर में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है और अब यह समस्या रेलवे जंक्शन परिसर तक पहुँच गई है। जंक्शन परिसर में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते आसानी से देखे जा सकते हैं, जिससे यात्रियों में दहशत का माहौल है।

स्टेशन पर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं सहित कई यात्री अपने गंतव्य की प्रतीक्षा में प्लेटफार्म पर बैठते हैं। परंतु कुत्तों की बढ़ती संख्या ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। अक्सर देखा जाता है कि यात्री ट्रेन का इंतजार करते हुए जमीन पर कपड़े बिछाकर आराम करते हैं, वहीं कुत्ते भी उनके आसपास मंडराते रहते हैं, जिससे यात्रियों में कुत्तों के काटने का डर बना रहता है।

यह स्थिति स्टेशन मास्टर के कार्यालय के ठीक समीप की है, जहां कई कुत्ते आराम करते हुए देखे जा सकते हैं। यात्रियों ने इस समस्या को लेकर चिंता जताई है और अधिकारियों से उचित कार्रवाई की मांग की है। बावजूद इसके, अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ती जा रही है।