मुजफ्फरपुर नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स संग्रह अभियान किया शुरू
- Post By Admin on Jan 24 2025

मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर नगर निगम क्षेत्र में प्रॉपर्टी टैक्स के बकायेदारों से वसूली के लिए अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान वार्ड संख्या 21 और 22 में चलाया गया। जिसका नेतृत्व मो. नूर आलम (प्रभारी लोक सूचना-सह-टैक्स दरोगा) गौरी शंकर प्रसाद (टैक्स दरोगा), मो. गुलाम अहमद शमी (वार्ड तहसीलदार) और नगर निगम की समर्पित टीम ने किया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उन बड़े बकायेदारों से टैक्स वसूली करना है, जिन्होंने लंबे समय से प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान नहीं किया है। अभियान के तहत नागरिकों को यह बताया जा रहा है कि नगर निगम के लिए प्रॉपर्टी टैक्स कितना महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह निगम के वित्तीय संसाधनों को मजबूत करता है और नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में मदद करता है।
नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की अध्यक्षता कर रही महापौर निर्मला साहू ने राजस्व वृद्धि के लिए समर्पित शिविरों के आयोजन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर नागरिकों को टैक्स भुगतान की प्रक्रिया को सरल बनाने में मदद करेंगे, जिससे राजस्व संग्रहण में वृद्धि होगी।
मो. नूर आलम और गौरी शंकर प्रसाद ने बताया कि नगर आयुक्त विक्रम विरकर के निर्देशानुसार, बड़े बकायेदारों से समय पर टैक्स वसूली की जा रही है। इसके तहत यदि कोई व्यक्ति टैक्स का भुगतान करने में विफल रहता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी। यह अभियान 31 दिसंबर 2025 तक निरंतर जारी रहेगा।
नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर बड़े बकायेदारों से टैक्स वसूला और उन्हें टैक्स भुगतान के महत्व के साथ-साथ नगर निगम की योजनाओं के निरंतर संचालन के बारे में जागरूक किया। इस अभियान से नगर निगम की वित्तीय स्थिति में सुधार की उम्मीद है। जिससे शहर के नागरिकों को उच्च गुणवत्ता की सेवाएं प्रदान की जा सकेंगी। टैक्स वसूली से प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग नगर निगम द्वारा शहर में विकास कार्यों और आवश्यक सेवाओं के विस्तार में किया जाएगा।