मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर नगर निगम ने बेघर एवं आश्रयविहीन व्यक्तियों के लिए 8 विशेष आश्रय स्थल स्थापित किए हैं। जो नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर स्थित हैं। इन आश्रय स्थलों का उद्देश्य शहर के बेघर व्यक्तियों को निःशुल्क और सुरक्षित आवास प्रदान करना है, ताकि उन्हें एक स्वस्थ, सुविधाजनक और सुरक्षित आवासीय वातावरण मिल सके।

आश्रय स्थल विभिन्न स्थानों पर स्थित हैं। जिनमें बैरिया गोलम्बर, मालगोदाम चौक, जिला परिषद, कलमबाग चौक, आर.डी.एस. कॉलेज, जेल चौक, जिला स्कूल और चन्दवारा पानी कल चौक शामिल हैं। इन सभी स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं दी गई हैं। प्रत्येक आश्रय स्थल पर बिस्तर, पंखे, तकिया, चादर और कंबल, बिजली, रसोईघर और शौचालय जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि इन स्थलों पर रहने वाले लोगों की दैनिक आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके।

इसके अलावा, मुजफ्फरपुर नगर निगम द्वारा सस्ते दरों पर भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इन आश्रय स्थलों पर मासिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। जिसमें इन स्थलों पर रहने वाले व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच की जाती है और आवश्यक चिकित्सा सहायता दी जाती है। मुजफ्फरपुर नगर निगम ने इन आश्रय स्थलों पर बेघर व्यक्तियों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलवाने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की है।