​'विकास के पथ पर बढ़ता बिहार': मृदुराज प्रतिभा सम्मान समारोह में जुटे दिग्गज, कई प्रतिभाएं सम्मानित

  • Post By Admin on Oct 07 2026
​'विकास के पथ पर बढ़ता बिहार': मृदुराज प्रतिभा सम्मान समारोह में जुटे दिग्गज, कई प्रतिभाएं सम्मानित

पटना : राजधानी पटना में ‘विकास के पथ पर बढ़ता बिहार’ विषय पर केंद्रित मृदुराज प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 सह-परिचर्चा का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राज्य के विकास, शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण को लेकर गंभीर मंथन हुआ, जिसमें सत्ता पक्ष और समाज के प्रबुद्ध जनों ने 'विकसित बिहार' के साझा संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जितेंद्र नीरज ने की, जबकि मंच संचालन का दायित्व राजीव रंजन ने निभाया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार सरकार के राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल, वरिष्ठ विधायक श्याम रजक तथा संजय चौरसिया सहित कई गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं।

समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट और उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को मंच से सम्मानित किया गया। चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री डॉ. शांति राय को सम्मानित किया गया। वहीं राजनीति व जनसेवा के क्षेत्र में मृदुराज जनसेवा सम्मान शिशिर कुमार को प्रदान किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए सचिंद्र कुमार, समाज सेवा के लिए प्रवीण कुमार तथा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट भूमिका निभाने के लिए कुमारी जूही सिन्हा सहित अन्य विभूतियों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए सिर्फ कागजों पर नीतियां और योजनाएं बनाना काफी नहीं है, बल्कि उनका जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन होना और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचना अनिवार्य शर्त है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा, रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्राथमिकता सूची में शीर्ष पर रखकर ही बिहार की प्रगति यात्रा को गति दी जा सकती है।

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार वर्तमान समय में प्रगति के एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। शिक्षा, रोजगार, सामाजिक विकास और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण से राज्य नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने रेखांकित किया कि विकसित बिहार का सपना केवल शासन के भरोसे पूरा नहीं हो सकता, बल्कि इसके लिए नागरिक समाज की सक्रिय और संगठित भागीदारी नितांत आवश्यक है।

फाउंडेशन के अध्यक्ष ने संस्था की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह गरिमामय आयोजन संस्था की प्रेरणास्रोत स्व. मृदुला सिन्हा और स्व. राज किशोर प्रसाद की 7 अक्टूबर को पड़ने वाली पुण्यतिथि की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दिन सामाजिक दायित्वों का पुनरावलोकन करने और भावी पीढ़ी को एक रचनात्मक व सकारात्मक दिशा देने का प्रतीक है।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित परिचर्चा सत्र में शिक्षा सुधार, रोजगार सृजन, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास से जुड़ी चुनौतियों और संभावनाओं पर विषय विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए। सभी वक्ताओं ने एक सुर में कहा कि राज्य को अग्रणी पंक्ति में खड़ा करने के लिए सरकार, समाज और युवाओं को एक त्रिवेणी के रूप में कार्य करना होगा। समारोह का समापन सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण और राज्य की उन्नति के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।